अयोध्या। सोहावल तहसील के रायपुर मेला मैदान पर चल रही दो दिवसीय विराट दंगल प्रतियोगिता के अंतिम दिन रविवार को महिला व पुरुष दोनों वर्गों में गैर प्रांतीय पहलवानों का दबदबा बना रहा।
महिला वर्ग में महाराजगंज जनपद एवं पुरुष वर्ग में आजमगढ़ के पहलवान हावी रहे। समापन के बाद अतिथियों ने पहलवानों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया।
रायपुर मेला मैदान पर आयोजित कुश्ती प्रतियोगिता के दूसरे दिन करीब तीस कुश्तियां कराई गईं। दंगल की शुरुआत पूर्वाहन 11 बजे अखाड़ा पूजन व अतिथियों के माल्यापर्ण के साथ हुई।
दंगल की शुरुआत प्रथम सत्र में महिला वर्ग के पहलवानों के बीच हुए मुकाबलों के साथ हुई। जिसमें कई मुकाबले बराबरी पर छूट गए। शेष मुकाबलो में महाराजगंज के महिला पहलवानों का दबदबा बना रहा। पुरुष वर्ग में भी कई मुकाबले बराबरी पर छूट गए। शेष में आजमगढ़ के पहलवानों का वर्चस्व रहा।
अंतिम दिन नेपाल के देवा थापा की पहलवानी के दांवपेंच ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। अंतिम दौर में बड़ी कुश्तियों व नामचीन पहलवानों को देखने के लिए दर्शकों की भीड़ उमड़ी।
प्रतियोगिता के अंत में पूर्व बीकापुर विधायक जितेंद्र सिंह बब्लू व समाजसेवी एवं वरिष्ठ छात्रनेता शिवेंद्र सिंह ने संयुक्त रूप से सभी पहलवानों को नकद पुरस्कार व ट्रैकसूट एवं विजयी पहलवानों को विशेष पुरस्कार से सम्मानित किया।
पूर्व बीकापुर विधायक ने कहा कि रायपुर सदियों से मेला आयोजन के लिए विख्यात है, लेकिन पहली बार यहां आयोजित हुई इस ऐतिहासिक प्रतियोगिता में ख्यातिलब्ध पहलवानों की भागीदारी ने राष्ट्रीय स्तर पर न केवल रायपुर बल्कि जिले का भी मान बढ़ाया है।