प्रदेश सरकार एक दिन में छह करोड़ पौधे लगवाकर रिकार्ड बनाने तैयारी में लगी है लेकिन इस कार्य के लिए जिलों को बजट नहीं मिला। वन विभाग 9.3 लाख और अन्य विभाग तीन लाख पौधे लगवाने की बात कह रहे हैं।
बजट के बिना ही वन विभाग ने नौ लाख गड्ढे खोदवाने के दावे किए हैं। अधिकारियों को शनिवार कोे होने वाली जिला योजना की बैठक में पौधरोपण बजट स्वीकृत होने की उम्मीद है। धनावंटन के बाद खुदाई व पौधरोपण के खर्चों का भुगतान होगा।
मुख्यमंत्री ने एक ही दिन में प्रदेश में छह करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य रखा है। इसकी मानीटरिंग सेटेलाइट के जरिए करने की रणनीति है। इसके मद्देनजर हर जिले को पिछले साल से ज्यादा लक्ष्य सौंपा गया है। इस वर्ष वन विभाग 9 लाख 30 हजार और अन्य विभाग तीन लाख पौधे लगाएंगे।
अन्य विभागों में ग्रामीण विकास, भूमि संरक्षण, औद्योगिक विकास, आवास एवं शहरी नियोजन, सहकारिता, लोक निर्माण, सिंचाई, बिजली, माध्यमिक शिक्षा व बेसिक शिक्षा को पौधरोपण की जिम्मदारी मिली है।
पौधरोपण के लिए अकेले वन विभाग की ओर से नौ लाख गड्ढे खोदने के दावे किए गए हैं। रोपे जाने वाले पौधों में शीशम, अर्जुन, कंजी, गुटेल, प्रॉस्टिस, पीपल, पाकड़, आम, नीम, अशोक आदि शामिल हैं।