संभलपुरी लोकनृत्य ने बांधा समां।
- फोटो : अमर उजाला
भारतीय शास्त्रीय संगीत के अंतर्गत गुरुवार को जेबी अकादमी सभागार में उड़ीसा प्रांत के प्रसिद्ध लोकनृत्य ‘संभलपुरी’ की प्रस्तुति हुई। शुभारंभ स्पिक मैके फैजाबाद चैप्टर के चेयरमैन अनुराग वैश्य, प्रधानाचार्य अशोक तिवारी व मुख्य कलाकार सूर्यप्रकाश ‘गुरु’ के दीप प्रज्ज्वलन से हुआ।
‘माइलो जोड़ो’ नृत्य से गुरु वंदना की पहली प्रस्तुति हुई। पर्व विशेष पर होने वाले नृत्य ‘देशी कर्मा’ की प्रस्तुति से दर्शक मंत्रमुग्ध हो उठे। ‘डालखाई’ नृत्य पर कलाकारों ने अपनी भावभंगिमा से दर्शकों के मन में जोश व उल्लास का संचार किया।
लोकनृत्य में प्रमुख कलाकारों सूर्यप्रकाश गुरु, दशरथ मेहर, तार मुहरी, देवराज महाकुद, राजेश दीप, भवानी सुना, राजा सेंद्रिया, विकास सेठ, कुनाल महाकुद, वाई अंकिता, शिवांगी श्वेतलाना पांडा ने नृत्य व वाद्य यंत्रों से समां बांध दिया।
मुख्य कलाकार गुरु ने छात्र-छात्राओं की जिज्ञासाओं का समाधान किया। कार्यक्रम में प्रबंध समिति के सदस्य, अभिभावक, सलाहकार समिति के सदस्य, स्वाती मोहन, जया स्वरूप, डा. परेश पांडेय, संचालक डा. राजेश्वरी द्विवेदी आदि मौजूद रहे।