पटरंगा थाना क्षेत्र के लखनऊ-गोरखपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार सुबह एक निजी बस ओवरटेक करते समय ट्रक में पीछे से भिड़ गई। इस दुर्घटना में बस में सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी भेजवाया जहां से सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया है।
बस में करीब 40 यात्री सवार थे, कुछ को मामूली खरोचें आई है और अन्य यात्री बाल-बाल बच गए। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को क्रेन से हटवाकर किनारे करवाया। शनिवार सुबह करीब साढे़ सात बजे अंबेडकरनगर से लखनऊ की ओर जा रही निजी बस पटरंगा थाने के वीपी मवई पेट्रोल पंप के सामने ओवरटेक करते समय ट्रक में पीछे से जा भिड़ी।
बस में बैठे यात्रियों के चीखने की आवाजें सुनकर दौड़े ग्रामीणों ने सूचना पुलिस को दी और घायलों को वाहन से बाहर निकला। मौके पर पहुंची पुलिस ने दुर्घटना में घायल बस चालक मो. सईद निवासी बेवाना जिला अंबेडकरनगर, विनय कुमार निवासी समंथा फैजाबाद, अखिलेश कुमार और सत्यव्रत मिश्र निवासी देवकाली फैजाबाद को एंबुलेंस से सीएचसी भेजवाया।
थाना प्रभारी राजू राव ने बताया कि सीएचसी से चारों घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। इसके अलावा बस पर सवार करीब 40 यात्रियों में पांच-छह लोगों को मामूली खरोंचे आई हैं। बस को क्रेन की मदद से राजमार्ग से हटवाकर मार्ग को बहाल करा दिया गया है।