रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में चढ़ने के प्रयास में बुधवार को एक अधेड़ बुरी तरह घायल हो गया। जिला अस्पताल में भर्ती कराने के कुछ देर बाद उसकी मौत हो गयी। अधेड़ के पास मिली नोटबुक से उसकी पहचान हुई।
प्लेटफार्म नंबर एक पर शाम पांच बजे के करीब कामाख्या-गांधीधाम एक्सप्रेस साढ़े तीन घंटे की देरी से आई थी। यह 17:10 बजे रवाना हुई। इसी दौरान प्लेटफार्म पर पानी लेने उतरा अधेड़ पानी लेकर दौड़ते हुए चढ़ने लगा।
अचानक पैर स्लिप होने से वह प्लेटफार्म और ट्रेन के बीच में आ गया। आंखों के सामने से गुजरती ट्रेन और नीचे गिरे यात्री को उठाने के लिए ड्यूटी कर रहे आरपीएफ और जीआरपी के जवान चिल्लाते हुए दौड़े। ट्रेन रुक गयी।
बुरी तरह घायल व खून से लथपथ यात्री को जवानों ने बाहर निकाला। उसे तत्काल जिला अस्पताल भागे, लेकिन बचाया न जा सका। कुछ ही देर में उसकी मौत हो गयी। मृतक के पास से डायरी मिली है, उसमें उसका नाम राजेंद्र कुमार शर्मा (55) निवासी चुरू रतनगढ़ राजस्थान दर्ज है।
जीआरपी थानाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह का कहना था कि उसके पास से यात्रा संबंधी अभी कोई सबूत नहीं मिले हैं। शायद ट्रेन में रह गये सामान में हो। मृतक के पास से कुछ नकदी और मोबाइल फोन मिले हैं। वह ट्रेन पर कहां से सवार हुआ? कहां का और किस श्रेणी का टिकट उसके पास था? इसका पता उसके परिवारीजनों से बात करने पर ही चलेगा।