आंधी के साथ शनिवार आधी रात में हुई बारिश से शहर समेत देहात के कई इलाकों में जलभराव हो गया। सबसे खराब हालत रोडवेज परिसर व उसके आसपास रही, जिससे दिनभर यात्री परेशान नजर आए। आंधी से कई क्षेत्रों की बत्ती गुल हो गई। शहर में सुबह 8 बजे जैसे-तैसे बिजली आपूर्ति बहाल हुई, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों की हालत दिनभर पतली रही।
वहीं अमरोहा के पास ट्रैक पर पेड़ गिरने से कई ट्रेनें घंटों लेट रहीं। मौसम विभाग के अनुसार 12.8 सेमी. बारिश हुई है। सोमवार और मंगलवार को भी जिले में बदली तथा बूंदाबांदी होने की संभावना है। मध्य रात्रि तेज हवा के साथ हुई बरसात से नगर से लेकर गांवों तक का हाल बेहाल हो गया। बारिश से जहां लोगों को गर्मी-उमस से राहत मिली है। वहीं किसानों में भी खेती को लेकर उत्साह है।
अमरोहा के पास ट्रैक पर पेड़ गिरने से फैजाबाद आने वाली डाउन अमृतसर-जयनगर सरयू-यमुना एक्सप्रेस और डाउन दिल्ली-फैजाबाद एक्सप्रेस सात घंटे बाद भी नहीं पहुंच सकी थीं। फैजाबाद में सरयू-यमुना का समय सुबह 07:33 तो दिल्ली एक्सप्रेस का समय सुबह 07:20 बजे आने का है।
शहर में रोडवेज बस स्टैंड के बाहर, अंदर, बीएसए कार्यालय परिसर, बाईपास के किनारे लाला पुरवा के पास पानी भर गया। मिल्कीपुर, हैरिंग्टनगंज, कुमारगंज, अमानीगंज, बिलहर घाट, कोड़री बाजार चौराहा, रानीबाजार, रुदौली, भेलसर, सोहावल, पूराबाजार, मया, हनुमतनगर, मसौधा, बीकापुर क्षेत्र में हल्की से लेकर तेज बारिश हुई है। कई जगह ढीले तारों के टकराने से बिजली आपूर्ति ठप रही। फ्यूज उड़ने की घटनाएं सर्वाधिक हुईं।
पावर कार्पोरेशन के द्वितीय खंड के एक्सईएन एसपी यादव ने कहा कि शाम तक ज्यादातर स्थानों की आपूर्ति बहाल कर दी गई है। उधर नरेंद्र देव कृषि विश्वविद्यालय कुमारगंज के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एके सिंह ने अभी और बारिश होने की बात कही है। उन्होंने बताया कि बारिश से तापमान में गिरावट हुई है। आर्र्दता बढ़ गई है।