अयोध्या। रामनवमी मेले में अब श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने लगी है। रामनवमी का मुख्य पर्व रामजन्मोत्सव 10 अप्रैल को धूमधाम से मनाया जाएगा। मठ-मंदिरों के धार्मिक अनुष्ठानों की धूम है।
रामनवमी मेले में सप्तमी, अष्टमी व नवमी तिथि को अयोध्या में भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। इसको लेकर प्रशासन ने रूट डायवर्जन लागू कर दिया है। आठ से 10 अप्रैल तक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
प्रशासन द्वारा जारी किए गए अंतर जनपदीय रूट डायवर्जन के तहत गोंडा से आने वाले सभी वाहन लकड़मंडी तिराहे से पुराना सरयू पुल तक ही आ पाएंगे।
श्रद्धालुुुओं के हल्के वाहन एवं बसों को निर्धारित पार्किंग स्थलों में पार्क कराया जाएगा। लखनऊ, बस्ती व गोरखपुर से आने वाले सभी प्रकार के मालवाहक वाहन रौनाही से डायवर्ट होकर ढिमवा घाट पुल से नवाबगंज से टिकरी मोड़ के आगे लोलपुर फोरलेन होते हुए जा सकेंगे।
सुल्तानपुर, बस्ती, गोरखपुर से आने वाले सभी प्रकार के वाहन थाना कूड़ेभार अंतर्गत कूड़ेभार चौराहा से टांडा रोड पर डायवर्ट किया जाएगा। गोरखपुर, बस्ती, गोंडा, बाराबंकी व लखनऊ से आने वाले भारी वाहन बस्ती डुमरियागंज मार्ग पर डायवर्ट किया जाएगा।
लखनऊ, अंबेडकरनगर, आजमगढ़ के सभी वाहन पूर्वांचल एक्सप्रेस वे होकर जाएंगे। अंबेडकरनगर गोसाईगंज से आने वाले वाहन थाना महाराजगंज अंतर्गत मयाबाजार तिराहे से टांडा की तरफ डायवर्ट होकर जाएंगे।
रूट डायवर्जन आठ अप्रैल की रात 10 बजे से लागू हो जाएगा जो 10 अप्रैल को मेला समाप्ति तक जारी रहेगा। गुप्ता होटल से टेढ़ीबाजार तक वाहन प्रतिबंधित रहेगा।
स्थानीय निवासी गुप्ता होटल से गैस गोदाम होते हुए परिक्रमा एवं बड़ी बुआ क्रॉसिंग से महोबरा होते हुए परिक्रमा मार्ग की ओर जाएंगे। विद्याकुंड से रायगंज जैन मंदिर की तरफ वाहन प्रतिबंधित रहेगा।
आशिफबाग से परिक्रमा मार्ग होकर बूथ नंबर 4 से बाईपास की ओर जाएंगे। साकेत पेट्रोल पंप बैरियर से नयाघाट तक वाहन प्रतिबंधित रहेगा। लकड़मंडी चौराहा से पुराना सरयू पुल तक वाहन नहीं आ पाएंगे। इसी तरह बालूघाट चौराहा से रामघाट चौराहे की तरफ बूथ नंबर चार से साथी तिराहा होते हुए वाहनों का आवागमन होगा।
रामनवमी मेले में अब श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने लगी है। इसको देखते हुए आठ अप्रैल की रात 10 बजे से 10 अप्रैल से अंतर जनपदीय व मेला क्षेत्र में वाहनों का रूट डायवर्जन लागू कर दिया गया है। यह डायवर्जन मेला समाप्ति तक जारी रहेगा। मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं के लिए बेहतर व्यवस्था के साथ सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।- विजयपाल सिंह, एसपीसिटी/मेला सुरक्षा अधिकारी