रीडगंज स्थित इसी फार्ब्स स्कूल में होना है कापियों का मूल्यांकन।
- फोटो : अमर उजाला
यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन जिले के चार प्रमुख स्कूलों में होगा। उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन जीआईसी, जीजीआईसी, मनोहर लाल इंटर कॉलेज और फार्ब्स इंटर कॉलेज में होगा। माध्यमिक शिक्षा विभाग को बोर्ड की ओर से उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए अभी कोई दिशा-निर्देश प्राप्त नहीं हुआ है, लेकिन विभाग में चर्चा है कि 28 या 29 अप्रैल से मूल्यांकन कार्य शुरू होगा।
शिक्षा विभाग ने शहर के चार प्रमुख इंटर कॉलेजों को उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए तय किया है। ये सभी स्कूल बेहतर संसाधनों वाले हैं, इसलिए मूल्यांकन कार्य करने वाले शिक्षकों को सुविधाओं को लेकर कोई परेशानी की आशंका कम ही रहेगी।
माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से मूल्यांकन कार्य को लेकर डीआईओएस कार्यालय को हर वर्ष लिफाफा आता है जिसमें जरूरी दिशा-निर्देश के साथ सूचनाएं रहती हैं। स्थानीय शिक्षा कार्यालय को अभी तक परिषद की ओर से लिफाफा नहीं आया है, इसलिए मूल्यांकन कार्य को लेकर कोई भी तैयारी नहीं की गई है।
मूल्यांकन कार्य को लेकर 24 अप्रैल को माध्यमिक शिक्षा परिषद की इलाहाबाद में बैठक होगी जिसमें जिला विद्यालय निरीक्षक को बुलाया गया है। बैठक के बाद ही उत्तर पुस्तिकाओं की तादाद, मूल्यांकन के लिए तैनात किए जाने वाले शिक्षकों सहित आदि विषयों पर स्थिति स्पष्ट होती है।