अयोध्या। रामनगरी के यलोजोन अंतर्गत हनुमानगढ़ी क्षेत्र में एक प्रसाद की दुकान पर लावारिस बैग की सूचना पर हड़कंप मच गया। दुकानदार ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और डॉग व बम स्क्वॉयड के जरिए बैग की जांच कराई गई।
बैग में कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिलने पर लोगों ने राहत की सांस ली। हालांकि इस दौरान करीब एक घंटे तक हनुमानगढ़ी क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा।
हनुमानगढ़ी स्थित एक प्रसाद की दुकान पर रविवार सुबह छह बजे एक श्रद्धालु आया और उसने दुकान पर अपना बैग रख दिया। बताया कि दर्शन करने जा रहा है। घंटों इंतजार के बाद जब वह श्रद्धालु पूर्वाह्न 11 बजे तक वापस नहीं आया तो दुकानदार को संदेह हुुआ।
उसने रामजन्मभूमि पुलिस को सूचना दी। हनुमानगढ़ी के पास लावारिस बैग होने की सूचना पर पुलिस हरकत में आ गई और पुलिस टीम के साथ डॉग व बम स्क्वॉयड दस्ता मौके पर पहुंच गया।
बैग की जांच की गई तो उसमें दैनिक उपयोग की वस्तुओं के अलावा कुछ भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। इसके बाद स्थानीय लोगों सहित प्रशासन ने भी राहत की सांस ली। हालांकि इस दौरान करीब एक घंटे तक हनुमानगढ़ी क्षेत्र में दहशत का माहौल रहा।
इस बीच कुछ देर बाद जिसका बैग था वह श्रद्धालु भी दुकान पर पहुंच गया। उनकी पहचान केदारनाथ निवासी जनपद सीतापुर के रूप में हुई। केदारनाथ ने पुलिस को बताया कि वह बैग को दुकान पर रखकर दर्शन के लिया था, लेकिन रास्ता भटक जाने से दुकान भी भूल गए। कई लोगों से पूछते-पूछते वह दुकान तक पहुंचा। पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद श्रद्धालु को जाने दिया।
हनुमानगढ़ी क्षेत्र में एक लावारिस बैग होने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम के साथ बम व डॉग स्क्वॉयड ने मौके पर पहुंचकर बैग की तलाशी ली तो बैग में कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। बैग एक श्रद्धालु का था, जो दुकान पर रखकर दर्शन के लिए गया था। दर्शन के दौरान वह रास्ता भटक गए इसलिए दुकान तक वापस आने में उसे कुछ समय लग गया।- शैलेश पांडेय, एसएसपी, अयोध्या