फैजाबाद के मनोहर लाल स्कूल में बोर्ड की परीक्षा देते परीक्षार्थी।
- फोटो : अमर उजाला
यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा मंगलवार को प्रथम पाली में हाईस्कूल की संगीत, गायन और इंटरमीडिएट की अर्थशास्त्र एवं अर्थशास्त्र/वाणिज्य विषय और दूसरी पाली में इंटरमीडिएट का भौतिक विज्ञान एवं व्यापारिक संगठन विषय की परीक्षा हुई। मया बाजार के पास स्थित एक परीक्षा केंद्र में मंडलीय सचल दस्ते ने एक नकलची को अनुचित साधन के साथ पकड़ा।
मंडलीय सचल दस्ते के राजेश कुमार वर्मा ने द्वापर विद्यापीठ इंटर कॉलेज बरईपारा में इंटर के एक छात्र को अनुचित साधन के साथ नकल करते हुए पकड़ा। इसके अलावा दस्ते ने फैजाबाद और अंबेडकरनगर के तकरीबन एक दर्जन परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया लेकिन दस्ते का कहीं भी गड़बड़ी नहीं मिली। जहां कुछ कमी नजर आई, उसे सही करने का निर्देश परीक्षा केंद्राध्यक्षों को दिया।
मंडलीय कंट्रोल रूम के प्रभारी डॉ. राजेश कुमार शुक्ला ने कहा कि मंगलवार को सिर्फ एक नकलची पकड़ा गया। नकलचियों की कुल तादाद छह हो गई है जिनमें से चार छात्र एवं दो छात्राए है। कहा कि हिंदी विषय की परीक्षा के दिन 30481 परीक्षार्थियों ने इग्जाम छोड़ा था।
इसके बाद परीक्षा छोड़ने वालों की तादाद बहुत ही कम है। वहीं दूसरी ओर जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय की ओर से बनाए गए सचल दस्ते की और से अभी तक कहीं भी कोई गड़बड़ी नहीं मिली। यह बात दीगर है कि पांच उड़ाका दल बनाए गए हंै।