यूपी बोर्ड परीक्षा में जिले को दो कॉलेजों में रसायन विज्ञान की परीक्षा के दौरान दो विज्ञान शिक्षक ड्यूटी करते पकड़े गए। संयुक्त शिक्षा निदेशक ने केंद्र व्यवस्थापकों से दोनों शिक्षकों को पूरी परीक्षा के दौरान कक्ष निरीक्षक की ड्यूटी से कार्यमुक्त करने का आदेश दिया है।
बोर्ड परीक्षा में बुधवार प्रथम पाली में हाईस्कूल मानव विज्ञान प्रश्न पत्र और इंटर संगीत गायन/वादन एवं नृत्यकला द्वितीय प्रश्नपत्र तथा द्वितीय पाली में इंटर की रसायन विज्ञान/बहीखाता एवं लेखा शास्त्र द्वितीय प्रश्नपत्र व कृषि अर्थशास्त्र सप्तम् प्रश्नपत्र की परीक्षा हुई।
द्वितीय पाली में इंटर रसायन विज्ञान की परीक्षा के दौरान फैजाबाद मंडल की संयुक्त शिक्षा निदेशक कमला सिंह चौहान ने अपने सचल दल के साथ बालक राम बालिका इंटर कॉलेज, सुच्चितागंज, परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया तो विज्ञान अध्यापक शुभम् पांडेय और सुभाष इंटर कॉलेज, बड़ागांव परीक्षा केंद्र पर भी विषय अध्यापक संजय सिंह को कक्ष निरीक्षण कार्य करते पकड़ा।
जेडी ने संपूर्ण परीक्षा अवधि के लिए दोनों शिक्षकों को कार्यमुक्त करने का निर्देश केंद्र व्यवस्थापकों को दिया है। जबकि आरडी इंटर कॉलेज, सुच्चितागंज, और श्रीराम बल्लभा इंटर कालेज, ड्योढी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा व्यवस्था ठीक पायी गयी।
मंडलीय सेल के प्रभारी राजेश कुमार शुक्ल ने बताया कि फैजाबाद मंडल में अब तक कुल आठ नकलची पकडे़ जा चुके हैं, जिसमें फैजाबाद में सर्वाधिक चार नकलची जबकि अंबेडकरनगर में दो और बाराबंकी में भी दो नकलची शामिल हैं।