गोरखपुर-लखनऊ नेशनल हाईवे पर खराब होकर खड़े एक ट्रक में पीछे से आ रही मिनी ट्रक घुस गई। घटना सोहावल चौराहा स्थित ओवरब्रिज पर बुधवार की देर रात हुई। वाहनों के टक्कर की तेज आवाज सुनकर जब लोग मौके पर पहुंचे तो मिनी ट्रक का चालक व खलासी गाड़ी के अंदर गंभीर हालत में फंसे मिले।
जिन्हें जिला अस्पताल लाने पर मृत घोषित कर दिया गया। दुर्घटना का कारण ओवरब्रिज पर अंधेरा होना बताया जा रहा है। रौनाही थाना क्षेत्र के सोहावल ओवरब्रिज पर बुधवार रात एक ट्रक का एक्सल टूट गया और वह हाईवे पर खड़ा हो गया।
ओवरब्रिज पर अंधेरा था, ऐसे में आधी रात के बाद लखनऊ की ओर जा रही तेज रफ्तार मिनी ट्रक खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर की आवाज इतनी तेज हुई कि आसपास रहने वालेे लोगों की नींद टूट गई। लोग मौके पर दौड़े तो नजारा वीभत्स था।
मिनी ट्रक के चालक और खलासी ट्रक में फंसे हुए थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह दोनों को निकाला और एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजवाया। जहां मौजूद चिकित्सक ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
थानाध्यक्ष केके गुप्ता ने बताया कि एक मृतक की पहचान मनी सिंह पुत्र कुलवंत सिंह निवासी पुरारी, लोधियाना के रूप में हुई है, जो मिनी ट्रक का चालक था। दूसरे मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। उन्होंने संभावना जताई कि दूसरा मृतक खलासी रहा होगा।