शहर को जाम से बचाने के लिए प्रशासन की ओर से सामाजिक व सांस्कृतिक गतिविधियों का केंद्र रहे नरेंद्रालय परिसर को पार्किंग स्टैंड बनाये जाने की कोशिशों को झटका लगा है। नगर पालिका परिषद बोर्ड ने गुरुवार को पेश प्रस्ताव को इसे ध्वनिमत से खारिज कर दिया।
कहा कि लोगों ने विभिन्न समारोहों के लिए इसे पहले से बुक करा रखा है। ऐसे में हुई बुकिंग कतई न निरस्त करें और आगे के लिए भी बुकिंग शुरू की जाए। इसके साथ ही शासन की मंशा के अनुरूप कर वसूलने में शिथिलता बरतने, जुलाई 2012 से मार्च 2016 तक असेसमेंट व आमदनी घटने पर चिंता जताते हुए बोर्ड ने निर्धारित लक्ष्य पूरा न करने वाले जिम्मेदारों का वेतन रोके जाने का प्रस्ताव पास कर दिया।
चेयरमैन विजय कुमार गुप्त की अध्यक्षता में नगर पालिका के तिलक हाल में हुई बोर्ड बैठक में गुदड़ी बाजार एकदरे के पास बनी दो दुकानों के ऊपर बगल से सीढ़ी बनाकर दो और दुकानें बनाने को मंजूरी दी गई।
छुट्टा जानवरों को पकड़कर शहर से बाहर ले जाने पर बोर्ड का कहना था कि अगर पुलिस प्रशासन सहयोग करे, फोर्स दे, जानवरों को कहां छोड़ा जाये? इसे तय करे, तो वह पकड़ने को तैयार हैं।
इसके साथ ही सहादतगंज से हनुमानगढ़ी तक पोलों के हुए रंगरोगन की तरह पूरे शहर में डिवाइडरों पर लगे बिजली पोलों को रंगे जाने की सभासदों की मांग को स्वीकार कर लिया गया।
डिवाइडरों पर भारतीय जीवन बीमा निगम की ओर से ट्री गार्ड लगाकर पौध रोपे जाने, चौक में घंटाघर के ऊपर व नीचे ग्रिल लगाकर प्रकाश लगाने व तीन साल तक उसकी देखभाल करने को मंजूरी दी गई। ईदगाह के सामने श्यामा प्रसाद मुखर्जी पार्क को रख रखाव व सुंदरीकरण के लिए यूथ हॉस्टल को दिया गया।