गोरखपुर-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार की भोर किसी वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो सगे भाइयों की मौत हो गई। दोनों गोरखपुर शहर से मंगलवार की देर रात बाइक से दवा लेने लखनऊ की ओर जा रहे थे।
हादसा भेलसर ओवरब्रिज के पास हुआ। गोरखपुर जिले के गोरखनाथ थाना क्षेत्र के बनकटवा निवासी सगे भाई मंगलवार की रात लखनऊ जाने के लिए अपनी बाइक से निकले थे।
राष्ट्रीय राजमार्ग पर रुदौली कोतवाली क्षेत्र के भेलसर बाजार स्थित ओवरब्रिज के पश्चिमी छोर पर किसी वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। बुधवार की भोर लगभग पांच बजे हुए इस हादसे में बाइक सवार दोनों युवक घायल हो गये।
हादसे की जानकारी पर स्थानीय लोगों ने पुलिस की मदद से एंबुलेंस से दोनों घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया। जिला अस्पताल पहुंचने पर ड्यूटी पर तैनात डा. शिशिर ने परीक्षण के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की तलाशी में एक की जेब से दवा का पर्चा मिला है। जिससे आशंका जताई जा रही है कि दोनों दवा लेने लखनऊ जा रहे थे।
कोतवाल सज्जाद हुसैन नकवी ने बताया कि मृतकों में एक की शिनाख्त दयाशंकर चौहान (32) और दूसरे की राजेश चौहान (35) पुत्रगण स्व. मोती चौहान के रूप में हुई।