अयोध्या। कुछ शरारती तत्वों की शहर का माहौल बिगाड़ने की कोशिश पुलिस-प्रशासन की सतर्कता और धर्मगुरुओं की समझदारी से नाकाम हो गई। दो धर्मस्थलों के सामने आपत्तिजनक वस्तुएं फेंकने की जानकारी मिलते ही अधिकारियों ने धर्मगुरुओं के साथ बैठक की और कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया। इससे धर्मगुरुओं में विश्वास जगा और कोई हो हल्ला नहीं हुआ। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छह टीमें कर दिया। इसके साथ ही पूरे इलाके के सीसीटीवी भी खंगाले जा रहे हैं।
कोतवाली नगर क्षेत्र के वक्फ जामा मस्जिद टाटशाह के सचिव ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि मंगलवार रात करीब दो बजे मस्जिद के मोअज्जिन ने रोज की तरफ सुबह की नमाज के लिए मस्जिद का दक्षिणी गेट खोला तो चार मोटर साइकिल पर दो-दो लोग पश्चिम तरफ जा रहे थे। जब उन्होंने मस्जिद की सीढ़ियों पर देखा तो धार्मिक ग्रंथ फटा पड़ा था। साथ ही मांस का टुकड़ा व एक पोस्टर भी मिला, जिसमें अपशब्द लिखे थे। बताया कि मस्जिद के सीसीटीवी में सारी घटना कैद हो गई है।
वहीं, मोहल्ला काश्मीरी मस्जिद व घोसियाना मोहल्ले में भी इसी तरह की सामग्री पड़ी मिली, जिसकी सूचना भी पुलिस को दी गई। इन हरकतों की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया। सांप्रदायिक सौहार्द व शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए जिलाधिकारी नितीश कुमार व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शैलेश पांडेय दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे।
जिले के धर्मगुरुओं के साथ एसएसपी व जिलाधिकारी ने मस्जिद परिसर में बैठक की और शरारती तत्वों पर कड़ी कार्रवाई करने का आश्वासन देकर सहयोग की अपील की। जिस पर धर्मगुरु सहमत हो गये और शांति व्यवस्था में खलल पैदा करने की असामाजिक तत्वों की कोशिश एक बार फिर नाकाम हो गई।
एसएसपी के निर्देश पर जिले की पुलिस अलर्ट हो गई। सभी गलियों, चौराहों, नुक्कड़ों पर सघन जांच व छानबीन शुरू हो गई। पुलिस मस्जिद के चारों तरफ की सभी दुकानों, मकानों, चौराहों पर लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
मामले की सूचना मिलते ही मंडलायुक्त नवदीप रिणवा व पुलिस महानिरीक्षक कवींद्र प्रताप सिंह ने भी मस्जिदों में पहुंचे और धर्मगुरुओं से बातचीत की। दोनों अधिकारियों ने सभी से आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील करते हुए शीघ्र ही मामले का पर्दाफाश करने का आश्वासन दिया। इसके बाद दोनों अधिकारियों ने तीनों घटना स्थलों का जायजा लेते हुए शहर में मार्च भी निकाला। आरोपियों की धरपकड़ केे लिए पुलिस ने छह टीमें लगाई हैं।
शरारती तत्वों द्वारा आपत्तिजनक सामग्री फेंकी गई थी। मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। सभी मजिस्ट्रेट व पुलिस धर्मगुरुओं के साथ संवाद बनाए हुए हैं। शांति व्यवस्था बनी हुई है। शहर में पुलिस पूरी तरह से मुस्तैद है। लोग शांति व्यवस्था बनाए रखें। शरारती तत्वों के बारे में किसी भी तरह की जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचित करें। -नितीश कुमार, जिलाधिकारी, अयोध्या
दो धार्मिक स्थलों और एक जगह सड़क पर आपत्तिजनक वस्तु व सामग्री फेंकी गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस ने उन चीजों को कब्जे में ले लिया। अभियोग पंजीकृत करके जांच की जा रही है। यह किसी शरारती तत्व का कार्य है, जो कि अमन-चैन बिगाड़ना चाहता था। अयोध्या में अमन-चैन हमेशा बरकरार रहा है। लोग किसी तरह की अफवाह पर भरोसा न करें। सुबूत जुटाने के लिए छह टीमें लगाई गईं हैं। शीघ्र ही आरोपियों की पहचान कर उन पर गैंगस्टर और एनएसए के तहत कार्रवाई की जाएगी। -शैलेश कुमार पांडेय, एसएसपी, अयोध्या
अयोध्या-टाट्शाह मस्जिद में पुलिस से बातचीत करते कमेटी के सदस्य व अन्य।-संवाद- फोटो : FAIZABAD
अयोध्या-टाट्शाह मस्जिद के बाहर तैनात पुलिस बल।-संवाद- फोटो : FAIZABAD
अयोध्या-टाट्शाह मस्जिद से बाहर निकलते कमिश्नर नवदीप रिणवा व आईजी कवींद्र प्रताप सिंह।-संवाद- फोटो : FAIZABAD
अयोध्या-टाट्शाह मस्जिद के बाहर मौजूद एसपी सिटी,सीओ सिटी,सीओ अयोध्या व पुलिस बल।-संवाद- फोटो : FAIZABAD