प्ररेणा कला मंच के कलाकारों ने गुरुवार की शाम कनोसा कांवेंट इंटर कॉलेज में साम्प्रदायिक सद्भाव पर मुंशी प्रेमचंद की कहानी मन्दिर- मस्जिद पर आधारित नाटक ‘अमानत’ का मंचन किया। कलाकारों ने नाट्य-मंचन के जरिए सद्भावना का पैगाम दिया।
नाटक में चौधरी इतरत अली नामक जमींदार सभी धर्मों के लोगों का आदर-सत्कार करता है। लेकिन उसका दामाद शाहिद मियां मन्दिर में घुसकर उत्पात मचाता है।
साम्प्रदायिक ताकतें माहौल बिगाड़ने का प्रयास करती हैं, लेकिन चौधरी इतरत अली सद्भाव के लिए संघर्ष करते हैं, जबकि सामाजिक सौहार्र्द के लिए ठाकुर भजन सिंह अपनी जान की कुर्बानी देते हैं।
इस गम में इतरत अली भी प्राण त्याग कर मिसाल खड़ा करते हैं। नाटक ने देश की एकता के लिए त्याग का संदेश दिया। इतरत अली की भूमिका में मुकेश झंझरवाला व ठाकुर भजन सिंह के किरदार को अजय पाल ने बखूबी निभाया।
अनुराग मौर्या, अजीत, गौरव, प्रज्ञान सिंह, अमित यादव, गणेश गौतम ने सशक्त अभिनय किया। शेख की भूमिका में सुरेंद्र कुमार ने दर्शकों को खूब हंसाया।
इसके पूर्व प्रेम, भाईचारा, सेवा, सहयोग आदि मानवीय मूल्यों के प्रचार-प्रसार के लिए काशी से निकली त्यागार्चना शांति यात्रा गुरुवार को कनौसा पहुंची।
यात्रा का नेतृत्व कर रहे स्वामी सच्चिदानंद भारती ने भोजन को कभी न बर्बाद करेंगे, भूखे घरों को उस भोजन से आबाद करेंगे का संकल्प दिलाया। उन्होंने पंच सूत्र- प्रार्थना, पढ़ाई, सफाई, सेवा और प्रेम के बारे में बताया।
कार्यक्रम में कनोसा कांवेंट इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या सिस्टर ग्रेस कीलथ, प्रधानाचार्य फ ादर जोसेफ रवि, हेड मिस्ट्रेस सिस्टर ग्रेसी, सिस्टर निर्मला मार्टिन आदि उपस्थित रहे।