अयोध्या। थाना कैंट अंतर्गत सहादतगंज स्थित अयोध्या-लखनऊ हाईवे पर मिर्जापुर गांव के पास प्याज लदा एक ट्रक डिवाइडर से टकराने के बाद सर्विस लेन पर पलट गया। इसके नीचे स्कूल जा रहीं पांच छात्राएं दब गईं, जिसमें तीन की मौके पर ही मौत हो गई।
दो छात्राएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। इसमें से एक को चिंताजनक हालत में लखनऊ रेफर किया गया है। हादसे में घायल प्रतापगढ़ निवासी ट्रक चालक सलमान का भी जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
सभी छात्राएं आर्य कन्या इंटर कॉलेज में साइकिल से पढ़ने जा रही थीं। मृतक छात्राओं में दो मुमताजनगर व एक भीखनपुर गांव की रहने वाली थी। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने हाईवे जाम करने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने सभी को समझा बुझाकर शांत कराया।
मुमताजनगर व भीखनपुर गांव की रहने वाली पांच छात्राएं शुक्रवार सुबह साइकिल से सर्विस लेन से होकर आर्य कन्या इंटर कॉलेज पढ़ने के लिए जा रही थीं।
थाना कैंट अंतर्गत हाईवे पर मिर्जापुर गांव के पास सुबह करीब 6:50 बजे पूना से प्याज लादकर आ रहा एक ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर सर्विस लेन से जा रह छात्राओं के ऊपर पलट गया।
हादसे में चार छात्राएं ट्रक के नीचे दबकर व पांचवीं चपेट में आकर घायल हो गई। हादसे के बाद पुलिस व ग्रामीणों ने ट्रक पर लदा प्याज हटाया, फिर दो जेसीबी की सहायता से ट्रक को सीधा कर उसके नीचे दबी छात्राओं को बाहर निकाला गया।
तब तक तीन छात्राओं की मौत हो चुकी थी। चौथी का पैर कटकर अलग हो गया था। पांचवीं छात्रा के हाथ में चोट लगी थी। घायल दोनों छात्राओं व ट्रक चालक प्रतापगढ़ निवासी सलमान को जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
जहां से एक को लखनऊ रेफर कर दिया गया। मृतक छात्राओं की पहचान अंजली मौर्या (12) पुत्री अनिल मौर्या निवासी मुमताजनगर, शिवानी पाल (15) पुत्री शिवदयाल पाल निवासी ग्राम भीखनपुर व सृष्टि कनौजिया (16) पुत्री संजय कनौजिया निवासी मुमताज नगर के रूप में हुई।
गंभीर रूप से घायल छात्रा पलक चौरसिया (12) पुत्री छट्ठीलाल निवासी मुमताजनगर को लखनऊ रेफर किया गया है। दूसरी घायल कोमल यादव (12) पुत्री विष्णु यादव का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।
घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने हाईवे जाम करने का प्रयास किया लेकिन मौके पर पहुंचे आईजी कविंद्र प्रताप सिंह, डीएम नितिश कुमार, एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय व एसपी सिटी विजयपाल सिंह ने समझा-बुझाकर शांत किया।
घटना के बाद मुमताजनगर गांव के कोहराम मच गया। जिसने भी सुना वह घटनास्थल की ओर दौड़ पड़ा। मुमताजनगर निवासी चंद्रशेखर तिवारी व अंगद यादव ने बताया कि सभी छात्राएं गरीब परिवार की हैं। घटना में मृत सृष्टि कक्षा-12 की छात्रा थी।
उसके पिता दिल्ली में एक प्रिंटिंग प्रेस में मजदूरी करते हैं। शिवानी कक्षा-11 की छात्रा थी, उसके पिता मजदूरी करते हैं। अंजली कक्षा-8 की छात्रा थी, उसके पिता भी मजदूरी करते हैं।
घायल पलक व कोमल कक्षा-8 की छात्राएं है, उनके पिता किसान हैं। पलिया शाहबादी के प्रधान विनोद कनौजिया ने बताया कि हाईवे किनारे सर्विस लेन पर सड़क की दोनों पटरियों पर स्थित कार एजेंसियों द्वारा वाहन खड़े किए जाते हैं, जिससे आए दिन हादसे होते रहते हैं।
घटना पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शोक जताया। उन्होंने मृतक छात्राओं के परिवारीजनों को दो-दो लाख रुपये की व घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। सीएम ने जिले के अधिकारियों को निर्देश दिया कि वह पीड़ितों की हरसंभव मदद करें।
अयोध्या-हादसे के बाद जमा लोगो से वार्ता करते एसएसपी शैलेश पांडेय- फोटो : FAIZABAD
अंजलि मौर्या फाइल फोटो घायल छात्रा- फोटो : FAIZABAD
अयोध्या-हादसे के बाद ट्रक को लेकर जाती क्रेन- फोटो : FAIZABAD
शिवानी पॉल फाइल फोटो घायल छात्रा- फोटो : FAIZABAD
अयोध्या-हादसे के बाद ट्रक के नीचे फंसा छात्रा का पैर- फोटो : FAIZABAD
अयोध्या-हादसे के बाद मौके पर जमा लोगो की भीड़ व मार्ग पर पड़ी प्याज- फोटो : FAIZABAD
अयोध्या-हादसे के बाद मौके पर मौजूद मंडलायुक्त एमपी अग्रवाल,आईजी कविंद्र सिंह,जिलाधिकारी व एसएसप- फोटो : FAIZABAD