अयोध्या। प्रदेश सरकार के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री और अयोध्या मंडल के प्रभारी मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने सर्किट हाउस में विद्युत व नगर विकास विभाग के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने पावर कारपोरेशन के अधिकारियों से कहा कि उपभोक्ता से सही तरीके से पेश आएं, उन्हें ठीक तरीके से सही धनराशि का बिल समय से पहुंचाया जाए। विभिन्न एजेंसियों को अब पेमेंट लेने का भी अधिकार दिया गया है। इसे और प्रोत्साहित किया जाए, इसका प्रचार-प्रसार भी किया जाए।
अयोध्या मंडल के प्रभारी मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने कहा कि जो ट्रांसफार्मर खराब हैं, उन्हें तत्काल बदला जाए। एक ही स्थान पर बार-बार ट्रांसफार्मर क्यों जलते हैं, इसकी तकनीकी जानकारी ली जाए। बेहतर गुणवत्ता के साथ कार्य किया जाए। जनप्रतिनिधि एवं आम जनमानस से प्राप्त शिकायतों का गुणवत्ता के साथ समय से निस्तारण किया जाए।
उन्होंने कहा कि अयोध्या को पूर्ण रूप से बिजली कटौती मुक्त रखते हुए पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। अगली बैठक अगले माह में की जाएगी, यदि स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो कठोर कार्रवाई की जाएगी। बैठक में प्रमुख सचिव ऊर्जा एम देवराज के अतिरिक्त अयोध्या मंडल के मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता, अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता, अवर अभियंता, अधिकारी एवं कर्मचारियों ने भाग लिया।
इसके साथ ही उन्होंने नगर विकास की समीक्षा में उन्होंने चौराहों और पार्कों का सुंदरीकरण व अनुरक्षण, ग्रीन स्पेस डेवलपमेंट, सघन पौधरोपण, सीएसआर फंड व नगर के ऐसे व्यक्ति जो चौराहों/कुंड/पार्कों आदि के सुंदरीकरण में इच्छा रखते हैं, उनके सहयोग से कार्य कराए जाने, नाली की गहरी सफाई, जलभराव से बचाव, नियमित सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान आकर्षित किए जाने, उच्च अधिकारियों से नियमित निरीक्षण, निगम के कार्यों में गुणवत्ता एवं जन सहभागिता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में महापौर ऋषिकेश उपाध्याय, नगर आयुक्त विशाल सिंह, अपर नगर आयुक्त सच्चिदानंद सिंह, अपर नगर आयुक्त शशि भूषण राय, सहायक नगर आयुक्त हरीश चंद्र सिंह, सहायक नगर आयुक्त अंकिता शुक्ला, मुख्य अभियंता निर्माण मनीष अवस्थी, महाप्रबंधक जलकल महेश चंद्र आजाद, परियोजना अधिकारी डूडा यामिनी रंजन, सफाई व खाद्य निरीक्षक कमल कुमार सहित अन्य विभागाध्यक्ष मौजूद रहे।