अयोध्या। स्वर कोकिला स्व. लता मंगेशकर चौराहे के लिए वैश्विक डिजाइन प्रतियोगिता में आई 10 डिजाइनों का चयन कर लिया गया। उच्च स्तर पर इसका प्रेजेंटेशन किया जाएगा। इसके बाद चयन किए गए डिजाइन के आधार पर चौराहे का विकास किया जाएगा।
चयन जिलाधिकारी नितीश कुमार की मौजूदगी में बुधवार अयोध्या विकास प्राधिकरण अयोध्या के सभागार में वैश्विक डिजाइन प्रतियोगिता परीक्षण समिति की बैठक में किया गया।
पहले उदया चौराहे को लता जी के नाम पर विकसित किया जाना था लेकिन अब नया घाट चौराहे को सुर कोकिला के नाम पर बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने स्व. लता मंगेशकर के नाम पर अयोध्या में एक चौराहे को विकसित किए जाने की घोषणा की थी।
इसको विकसित किए जाने को लेकर डिजाइन तय करने के लिए वैश्विक प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। वैश्विक डिजाइन प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले प्रतिभागियों से प्राप्त/प्रस्तुत डिजाइन/ड्राइंग का समिति/निर्णायक मंडल ने परीक्षण किया।
इस दौरान समिति द्वारा प्रतियोगिता में प्राप्त ड्राइंग में से टॉप-10 ड्राइंग/डिजाइनों का चयन कर उच्च स्तर पर भेजे जाने के लिए चयनित किया गया।
बैठक में समिति के सदस्य उपाध्यक्ष अयोध्या विकास प्राधिकरण विशाल सिंह, एसपी सिटी विजयपाल सिंह, आर्किटेक दिल्ली जय कातिकर, प्रो. सेवाराम सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।