ग्रीन यूपी-क्लीन यूपी मिशन के तहत सोमवार को जिले के 104 स्थानों पर 9.30 लाख पौधरोपण किया गया। इस दौरान एक लाख महिला श्रमिकों को तीन शिफ्ट में जॉब कार्ड दिए गए थे। प्रत्येक साइट पर देर रात तक पौधरोपण होने का दावा किया गया है।
पौधरोपण के महाभियान में वन राज्यमंत्री तेजनारायण पांडेय पवन, चिकित्सा राज्यमंत्री शंखलाल मांझी, कमिश्नर सूर्य प्रताप मिश्र, डीआईजी राकेश चंद्र साहू, एसएसपी मोहित गुप्ता समेत अफसरों ने हिस्सा लिया। सपा के विधायकों, पदाधिकारियों समेत कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह रहा। सभी कार्यक्रम स्थल सपा के रंग में रंगे दिखे।
हालांकि तैयारी को लेकर बेहतर प्लान बनाने वाली डीएम किंजल सिंह ऐन वक्त पर बीमार होने से साइटों पर नहीं निकल सकीं। उनकी ओर से 104 साइटों पर लगभग एक लाख महिला मनरेगा श्रमिकों को जॉब कार्ड जारी किए गये थे। इन महिला श्रमिकों को तीन शिफ्ट मजदूरी का भुगतान किया जाना है।
सोहावल के पिरखौली में 51 पौधों का रोपड़ हुआ। रौनाही के मीरपुर कांटा में इनरह्वील क्लब ने पौधे लगाए। रुदौली के बनमऊ जंगल में छात्र आशीष, मनोज कुमार, प्रशांत कुमार और अभिषेक पांच दिन से पेड़ लगा रहे हैं। इन छात्रों ने बताया की सौ रुपया अभी तक मिला है जबकि डेढ़ सौ रुपया प्रतिदिन देने के लिए कहा गया है।
तारुन के पाराराम,विशुन बाबा, जाना बाजार बेनीगद्दोपुर, पछियाना, कोरोरघोपुर, रौहारी में पौध लगाए गए। जाना बाजार के विसुई नदी के किनारे ब्लॉक प्रमुख विजय प्रताप सिंह ने पौध लगाया। ज्यादातर स्थानों पर मानक के अनुरूप पेड़ अच्छे नहीं थे तथा गड्ढे की गहराई भी कम थी। रुदौली रेंज के 34 साइडों पर दो लाख 85 हजार पौधों का रोपण किया गया। सुल्तानपुर, लोहटी सरैंया, पूरे शाहलाल आदि स्थानों पर भी पौधे लगाए गए।