सहादतगंज स्थित अपने आवास पर मिल्कीपुर विधायक गोरखनाथ बाबा सपत्नीक पूजन करते
- फोटो : अमर उजाला
विधानसभा चुनाव में जीत के बाद जिले की पांचों विधानसभा सीटों से निर्वाचित भाजपा विधायकों ने रविवार का दिन पूजा-पाठ से शुरू किया। इसके बाद दिन भर घर व आमजन से मुलाकात कर बिताया। अयोध्या, गोसाईगंज, मिल्कीपुर के विधायक लखनऊ में पार्टी दफ्तर तक जाकर बधाई भी देकर शाम लौट को आए। पांचों नवनिर्वाचित विधायकों के आवास पर रविवार को मध्य रात्रि तक जश्न का माहौल रहा। कार्यकर्ता व शुभचिंतक बधाई देते तो विधायक उनका मुंह मीठा कराते रहे।
अयोध्या से विजयी वेद प्रकाश गुप्त सुबह पूजा के बाद लखनऊ रवाना हो गए। बोले, बैठक के लिए बुलावा आया है, शाम तक लौट आएंगे। लौटने के बाद देर रात तक रिकाबगंज जनाना अस्पताल रोड स्थित आवासीय कार्यालय पर कार्यकर्ताओं के साथ शुभचिंतकों की भीड़ उन्हें बधाइयां देने पहुंचती रही।
गोसाईगंज से विजयी इंद्र प्रताप तिवारी खब्बू का शहर स्थित अश्विनीपुरम कॉलोनी का आवास रात भर जश्न के माहौल से गुलजार रहा। सुबह घर में स्थापित मंदिर में पूजा कर मेहमानखाने में बैठे तो समर्थक व शुभचिंतक दिन भर पहुंच बधाइयां देते रहे। विधायक उन्हें होली की बधाई देते। इसके बाद वे लखनऊ रवाना हो गए।
रुदौली से लगातार दूसरी बार चुने गए विधायक रामचंद्र यादव ने शहर के सिविल लाइंस स्थित अस्थायी आवास पर सुबह आराध्य को नमन किया। अयोध्या हनुमंतलला के दरबार में पहुंच मत्था टेका। श्रीराम जन्मभूमि न्यास कार्याध्यक्ष महंत नृत्यगोपाल दास, महंत मनमोहन दास, राजकुमार दास आदि संतों का आशीर्वाद लिया। समर्थक व शुभचिंतक सुबह से ही आवास पर डेरा जमाए थे। उनके बीच पहुंच जीत में सहयोग के लिए लोगों को बधाई व धन्यवाद देते हुए होली की बधाई देते रहे। घर से निकले तो सिविल लाइंस स्थित एक होटल में पहुंचे तो वहां भी लोग बधाइयां देने पहुंचते रहे।
मिल्कीपुर से पहली बार विधायक बने गोरखनाथ बाबा के सहादतगंज स्थित आवास भी रात भर गुलजार रहा। सुबह पूजाघर में आराधना की। उसके बाद घर पहुंचे समर्थकों व लोगों के बीच पहुंच गए। लोग जीत की बधाइयां देते रहे और विधायक धन्यवाद ज्ञापित कर लोगों का मुंह मीठा कराते रहे। इसके बाद वे भी लखनऊ रवाना हो गए।
बीकापुर से नवनिर्वाचित विधायक शोभा सिंह चौहान सोहावल तहसील के महोली गांव स्थित आवास पर आम दिनों की तरह ही सुबह सात बजे सोकर उठीं। आराध्य की पूजा-अर्चना कर। घर के बैठक में समर्थकों व शुभचिंतकों के बीच पहुंच गईं। लोग जीत की बधाइयां देते रहे और वह सभी को सहयोग व जीत के लिए धन्यवाद दे लोगों को मिठाई खिलाती रहीं। कहती हैं कि इस जीत से होली खास हो गई है। परिवार व शुभचिंतकों के साथ होली मनाएंगी।