जनपद पुलिस ने होली के पर्व पर कानून-व्यवस्था व शांति बनाए रखने के लिए रणनीति तैयार कर ली है। महकमे ने तय किया है कि होली का उल्लास तो ठीक है, लेकिन हुड़दंग करने की इजाजत किसी को नहीं दी जाएगी।
इसके लिए क्षेत्र में भ्रमण हेतु सचल दस्ते बनाए गए हैं। अधिकारी क्षेत्र में भ्रमण कर निगरानी करेंगे और मुख्य स्थानों पर पिकेट दस्ते तैनात रहेंगे। होलिका की सुरक्षा के लिए भी पुलिस तैनात की गई। जनपद पुलिस ने होली पर किसी तरह की अशांति को रोकने के लिए होलिका दहन स्थलों को चार श्रेणियों में विभाजित किया गया।
क्षेत्र को भी आबादी के अनुसार संवेदनशील व अति संवेदनशील की श्रेणी में रखा गया है। श्रेणियों के निर्धारण का आधार पूर्व में कोई विवाद न होना, मुसलिम बहुल क्षेत्र, मिश्रित आबादी व हिंदू बहुल क्षेत्र बनाया गया है।
शनिवार को दिन भर मतगणना को सकुशल निपटाने में जुटी पुलिस ने शाम होते ही सारा ध्यान होलिका दहन स्थलों की ओर केंद्रित कर दिया। होलिका दहन स्थलों पर आरक्षी, होमगार्ड व चौकीदारों की ड्यूटी आवंटित कर दी गई। संवेदनशील स्थानों पर चौकी प्रभारियों व थानाध्यक्षों को निगाह रखने को कहा गया है।
अस्पतालों में अलर्ट डॉक्टर रहेंगे मौजूद : होली पर्व के मद्देनजर अस्पताल को अलर्ट कर दिया गया है। जिला अस्पताल, श्रीराम चिकित्सालय अयोध्या और मंडलीय चिकित्सालय में एक-एक वार्ड को आरक्षित किया गया है। सभी चिकित्सकों को हर समय दूरभाष पर मौजूद रहने का निर्देश दिया गया है।
इसी प्रकार सीएमओ के अधीन तैनात चिकित्सकों को हर समय पीएचसी और सीएचसी पर मौजूद रहने के साथ दवाओं का पुख्ता इंतजाम करने का निर्देश दिया गया है। जिला अस्पताल में एक वार्ड को अरक्षित किया गया है। इसके लिए होली के मौके पर इमरजेंसी में मरीजों के इलाज के लिए डॉ. गुलरेज अहमद और डॉ. अंसार अली की ड्यूटी लगाई गई है।
सुबह आठ बजे से दो बजे तक डॉ. गुलरेज अहमद इमरजेंसी में आने वाले मरीजों का इलाज करेंगे और दोपहर दो बजे के बाद रात्रि आठ बजे तक डॉ. अंसार अली। रात की इमरजेंसी डॉ. आशीष श्रीवास्तव और डॉ. गुलरेज अहमद करेंगे।
इसके अलावा जनरल सर्जन में डॉ. आरसी अग्रवाल, आर्थो सर्जन में डॉ. एके पांडेय और डॉ. एसके वर्मा, फीजिशियन में डॉ. राम किशोर, आई सर्जन में डॉ. विपिन कुमार और डॉ. राजेश सिंह ऑन काल मौजूद रहेंगे।