मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंप महाविद्यालय की कृषि भूमि पर भूमाफियाओं द्वारा किए जा रहे अवैध कब्जे को तत्काल रोकने की मांग की गई।
चेतावनी दी कि शीघ्र ही कार्रवाई न हुई तो महाविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी व छात्र 12 जुलाई से वहां अनशन करने को बाध्य होंगे। प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन के माध्यम से कहा कि भूमि संख्या 369, 370, 372, 373, 374 स्थित माझा जमथरा परगना हवेली अवध तहसील सदर जिला फैजाबाद नजूल सरकार की है।
इसके पट्टाधारक श्री नि:शुल्क गुरुकुल महाविद्यालय समिति के प्रधान प्रबंधक रहे हैं। राजस्व अभिलेखों में कई दशक से उक्त भूमि पर महाविद्यालय द्वारा कृषि कार्य कराया जा रहा है।
इससे मिलने वाली उपज से विद्यार्थियों को भोजन प्राप्त होता है। भूमि संख्या-374 जो माझा जमथरा में लगती है, पर कुछ आपराधिक किस्म के लोग अवैध कब्जा करने की नीयत से मिट्टी डालने का कार्य कर रहे हैं।
इस संबंध में जिला प्रशासन से शिकायत भी की गई लेकिन आज तक कार्रवाई नहीं हुई। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से महाविद्यालय के कब्जे वाली नजूल भूमि पर हो रहे अवैध कब्जे रोकने की मांग की।
चेतावनी दी कि शीघ्र ही कार्रवाई न हुई तो 12 जुलाई को संस्था प्रबंधतंत्र के साथ शिक्षक, कर्मचारी व छात्र वहां अनशन व आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
प्रतिनिधिमंडल में प्रबंध समिति अध्यक्ष अवधेश दास, प्रबंधक महंत रामकुमार दास, रमेश दास, भानु सिंह, प्रकाश कुमार गुप्त, वाईपी मिश्र, विनय कुमार मनूचा, महेश चंद्र आदि शामिल थे।