अयोध्या। बीकापुर कोतवाली क्षेत्र के पातूपुर गांव निवासी एक किशोर की तालाब में डूबने से मौत हो गई। मृतक किशोर भारती इंटर कॉलेज बीकापुर में कक्षा नौ का छात्र था।
गांव निवासी अमन शर्मा (15) पुत्र दुर्गा प्रसाद शर्मा रविवार अपराह्न करीब तीन बजे एक अन्य बच्चे के साथ गांव के समीप स्थित तालाब के पास नित्यक्रिया करने के लिए गया था।
तालाब में मछली पालन के लिए पानी भरा हुआ था। अचानक पैर फिसल जाने के कारण अमन तालाब के गहरे पानी में चला गया और डूब गया। साथ में मौजूद बच्चे ने गांव में सूचना दी।
मौके पर पहुंचे परिजनों और ग्रामीणों द्वारा करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद पानी में डूबे किशोर को बाहर निकाला और सीएचसी बीकापुर पहुंचाया। इमरजेंसी में मौजूद चिकित्सक अनुराग गुप्ता ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हल्का दारोगा उपनिरीक्षक दिवाकर ने बताया कि परिजनों ने कानूनी कार्रवाई और पोस्टमार्टम कराने से इंकार किया गया। परिजनों एवं ग्रामीणों की सहमति के बाद लिखा पढ़ी करवाकर कोतवाली पुलिस ने किशोर के शव को परिजनों को सौंप दिया।