अयोध्या। शिक्षक विधायक बनने के बाद पहली बार अयोध्या पहुंचे ध्रुव कुमार त्रिपाठी का श्री नि:शुल्क गुरुकुल महाविद्यालय में भव्य स्वागत सम्मान किया गया। इस अवसर पर ध्रुव कुमार त्रिपाठी ने कहा, जिस प्रकार शिक्षकों ने मुझ पर विश्वास कर तीसरी बार जिताया है उसी प्रकार मैं भी शिक्षकों के हित के लिए अंतिम सांस तक संघर्ष करूंगा। शिक्षकों की समस्याओं के निस्तारण के लिए हर स्तर तक लड़ाई लड़ने की भी बात कही।
इससे पूर्व महाविद्यालय में माध्यमिक संस्कृत शिक्षक कल्याण समिति के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. जयगुरुदेव शुक्ल के निर्देशन में शिक्षकों ने विधायक को माला पहनाकर व अंग वस्त्र ओढ़ाकर सम्मान किया। डॉ. जयगुरुदेव शुक्ल ने बताया कि विधायक ने हाल ही में साकेतवासी हुए महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. नागेंद्र मिश्र का स्मारक बनवाने की भी घोषणा की है। सम्मान समारोह में गुरुकुल के वर्तमान प्राचार्य उमादयाल मिश्र, प्रकाश कुमार गुप्ता, महंत शशिकांत दास, श्रीनिवास शास्त्री, राजेंद्र तिवारी, विजयशंकर दुबे, डॉ. रामतेज पांडेय, कौशलेंद्र सिंह, माणिक चंद्र मिश्र, नारायण द्विवेदी, अजय मिश्र सहित बड़ी संख्या में शिक्षक मौजूद रहे।