62वीं राष्ट्रीय विद्यालयी टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता में जीत के लिए संघर्ष करती खिलाड़ी।
- फोटो : अमर उजाला
स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में डॉ.भीम राव अंबेडकर राज्य विद्यालय क्रीड़ा संस्थान में राष्ट्रीय स्कूली टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर खेले गए मैच में बालिका वर्ग में तमिलनाडु और बालक वर्ग में मध्यप्रदेश ने जीत के साथ अपना विजय अभियान शुरू किया।
बालिका अंडर 19 वर्ग में तमिलनाडु और पंजाब के बीच खेले गए मुकाबले में तमिलनाडु ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित आठ ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 55 रन बनाए। जमुना ने 31 रन का योगदान किया। पंजाब की टीम आठ ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 43 रन ही बना सकी।
पंजाब की तरफ से जसप्रीत ने 16 रन का योगदान किया। उत्तर प्रदेश और जम्मू एंड कश्मीर के बीच खेले गए मुकाबले में जेएंडके की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए आठ ओवर में रन बनाए। उत्तर प्रदेश की टीम ने पांच ओवर में एक विकेट के नुकसान पर जीत के आवश्यक रन बना आसान जीत हासिल कर ली।
बालक वर्ग में मध्य प्रदेश और गुजरात के बीच खेले मुकाबले में गुजरात ने आठ ओवर में 75 रन बनाए। गुजरात के दिनेश ने सर्वाधिक 26 रन का योगदान किया। एमपी के संदीप ने तीन विकेट लिए। जीत के लिए 76 रन के लक्ष्य को मध्य प्रदेश ने 7.2 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर प्राप्त कर जीत का आगाज किया। एमपी के सात्विक ने 17 रन का योगदान किया।