गोरखपुर-लखनऊ हाईवे पर सोमवार सुबह लखनऊ की ओर जा रहा एक एसयूवी वाहन डिवाइडर से टकराकर सड़क किनारे नाले में पलट गया। पटरंगा थाना क्षेत्र में रौजा गांव चीनी मिल के पास हुए इस हादसे में वाहन सवार कानपुर निवासी नर्सिंगहोम संचालक व नर्सिंगहोम में तैनात गार्ड की मौत हो गई।
जबकि तीन घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी खलीलाबाद में एक बारात में शामिल होकर वापस कानपुर जा रहे थे। संतकबीरनगर जिले के खलीलाबाद में आयोजित वैवाहिक समारोह में शिरकत करने के बाद एक एसयूवी सवार पांच लोग वापस कानपुर जा रहे थे।
सोमवार सुबह लगभग पांच बजे वाहन जैसे ही पटरंगा थाना क्षेत्र के रौजा गांव चीनी मिल के पास पहुंचा, अचानक डिवाइडर से टकराते हुए हवा में उछला और दो-तीन पलटा खाते हुए लगभग तीस फीट दूर सड़क किनारे नाले में जाकर पलट गया।
चीख-पुकार पर स्थानीय लोगों ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी तो पुलिस मौके पर पहुंच गई। लोगों की मदद से कार सवारों को बाहर निकाला गया। इसमें दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन घायलों को पुलिस ने एंबुलेंस से सीएचसी खैरनपुर रूदौली भेजवाया। जहां डॉक्टरों ने तीनों की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
मौके पर पहुंचे नरेंद्र कुमार चौधरी ने मृतकों की शिनाख्त अपने बड़े भाई नर्सिंगहोम संचालक 34 वर्षीय वीरेंद्र कुमार चौधरी पुत्र रामगिरि चौधरी निवासी आवास विकास कालोनी थाना नौबस्ता जनपद कानपुर व नर्सिंगहोम के गार्ड 44 वर्षीय चरन सिंह यादव निवासी घाटमपुर जनपद कानपुर के रुप में की।
जबकि दुर्घटना में 28 वर्षीय छोटू पुत्र संतोष, 25 वर्षीय दुर्गेश सिंह पुत्र अमर सिंह व 35 वर्षीय हरिकेश सिंह भदौरिया निवासीगण आवास विकास कालोनी थाना नौबस्ता जनपद कानपुर गंभीर रुप से घायल हुए हैं। पटरंगा थाना प्रभारी नीरज राय ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया गया है। दुर्घटनाग्रस्त एसयूवी को कब्जे में लिया है।