पिछले दो-तीन दिनों से गर्मी-उमस और बादलों के खेल के बीच बुधवार को जिले में तेज हवा के साथ हल्की बरसात हुई। इससे पारा सामान्य से नीचे लुढ़क गया है। आम लोगों को गर्मी से भरपूर राहत मिली है।
बूंदाबांदी व हल्की बारिश से हर किसी को सुकून मिला है। दिन में तीन बजे के करीब शुरू हुई बूंदाबांदी कुछ देर बाद थम गयी। गुरुवार को भी बदली के साथ बूंदाबांदी के आसार हैं। जिले में हुई बारिश का विभाग के पास कोई रिकॉर्ड नहीं है।
इलाकाई प्रतिनिधियों के अनुसार, मिल्कीपुर, बिलहर घाट, कोड़री चौराहा, रानीबाजार, कुमारगंज, रुदौली, गोसाईगंज और मैंगो बेल्ट सोहावल में जहां-तहां बूंदाबांदी, हल्की वर्षा तो कहीं वह भी नहीं हुई। इन इलाकों में गर्मी-उमस से कुछ राहत मिली है।
नरेंद्र देव कृषि विवि कुमारगंज के मौसम विज्ञान विभाग के वैज्ञानिक ने भी जिले में कई स्थानों पर बूंदाबांदी और हल्की बारिश होने की बात कही है। बताया कि गुरुवार को आकाश में बादल रहने और बूंदाबांदी के आसार हैं।
बताया कि बादलों की मौजूदगी और बूंदाबांदी से तापमान सामान्य हुआ है। आर्र्दता बढ़ गई है। अधिकतम तापमान 39 तथा न्यूनतम 27 डिग्री के साथ सामान्य है। बताया कि गुरुवार को आकाश में बादल रहने के साथ कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी हो सकती है। ऐसा हुआ तो तापमान में और गिरावट आ सकती है।