अयोध्या। रौनाही पुलिस ने गुरुवार को हरियाणा से प्रतिबंधित अंग्रेजी शराब की तस्करी कर बिहार ले जाने वाले गैंग का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने एक तस्कर को दबोच लिया है।
पुलिस ने आरोपी तस्कर के पास से 1220 शीशी हरियाणा की प्रतिबंधित अंग्रेजी शराब बरामद किया है। पूछताछ में आरोपी ने कई और साथियों के नाम कुबूले हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
पुलिस अधीक्षक ग्रामीण शैलेंद्र कुमार सिंह ने पत्रकारों को बताया कि मुखबिर की सूचना पर गुरुवार को घेराबंदी करके एनएच पेट्रोल पंप सोहावल के पास से सफेद रंग की होंडा अमेज कार को रोक कर तलाशी लेने पर लाखों रुपये की प्रतिबंधित अंग्रेजी शराब बरामद किया गया।
पकड़ी गई कार पर यूपी का फर्जी नंबर प्लेट यूपी 32 जेवाई 5431 लगाया गया था जबकि, कार हरियाणा की थी। पुलिस की मानें तो पकड़ा गया कार सवार तस्कर जब भागने लगा तो कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और पुलिस ने कार समेत तस्कर को धर दबोचा।
कार से प्रतिबंधित अंतर्राज्यीय अंग्रेजी शराब की 1220 शीशी बरामद हुई। बरामद शराब विभिन्न ब्रांड की थीं। शीशियों पर लिखा हुआ था फार सेल हरियाणा ओनली।
पकड़े गये तस्कर की पहचान अमित कुमार निवासी ग्राम सालेपुर पाना मौजा कालवा थाना पिल्लूखेड़ा जनपद जिन्द हरियाणा बताया। आरोपी ने अपना जुर्म कुबूल लिया और बताया कि वह हरियाणा से प्रतिबंधित शराब लेकर बिहार जा रहा था। पुलिस ने शराब वाहन को कब्जे में ले लिया तथा मुकदमा दर्ज कर अभियुक्त को जेल भेज दिया है।