महज 12 बजे तक चली बंदी से कहीं तेल की किल्लत तो नहीं दिखी, अलबत्ता पंप खुलने पर तेल भराने वालों की कतारें लग गईं। बाजारों में चोरी छिपे यह कारोबार करने वालों की चांदी रही।
यूपी पेट्रोलियम ट्रेडर्स के आह्वान पर यहां बंदी का आयोजन फैजाबाद पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन की ओर से किया गया था।
एसोसिएशन के प्रदेश उपाध्यक्ष व जिलाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह ने जिले भर में छह घंटे की पूर्ण बंदी को सफल बताते हुए कहा कि इतने पर भी प्रदेश सरकार नहीं जागी और मामले को संज्ञान में नहीं लिया तो डीजल और पेट्रोल डीलर अनिश्चितकाल के लिए इन उत्पादों को नहीं उठायेंगे।
जिलाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह ने प्रदेश सरकार के फिक्स वैट रेट की बढ़ी दर वापस लेने, उपभोक्ताओं को करीब दो रुपये का लाभ देने के लिए प्रवेश शुल्क समाप्त करने की मांग की।
पेट्रोल पंपों की बंदी को सफल बनाने में उपाध्यक्ष संजीव पांडेय, संरक्षक मंडल के सदस्य भानु प्रताप सिंह, राघवेंद्र सिंह, कपिलदेव दुबे, टीएन तिवारी, सुरेंद्र अग्रवाल आदि लगे रहे।
गोसाईगंज में कस्बे सहित ग्रामीण क्षेत्रों राममहर, पकरेला, टंडौली, महबूबगंज के पेट्रोल पंप बंद रहे। डीजल व पेट्रोल न मिलने के कारण बाइक एवं चौपहिया वाहन इधर-उधर भटकते रहे। अवैध पेट्रोल डीजल बेंचने वालों की चांदी रही।