फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अयोध्या में श्रीराम विवाहोत्सव की धूम

विज्ञापन
विज्ञापन
अयोध्या। रामनगरी अपने आराध्य श्रीराम के विवाहत्सव में लीन है। राममंदिर के हक में फैसला आने के बाद राम विवाह का उत्साह दोगुना हो चुका है। मंदिरों में चल रहे विवाहोत्सव के आयोजन में विभिन्न प्रांतों से पहुंचे भक्त भक्तिसागर में गोता लगाकर मंत्रमुग्ध हो रहे हैं।
विज्ञापन

छयलवा को दैहो चुनि-चुनि गारी, छप्पन भोग छत्तीसों व्यंजन, आनी धरी मणि थारी... लुटि न जावें नगर को सिगरी कन्या कुमारी, जेवत लालन मृदु मुसुकावत, सिया अली बलिहारी... मधुर गालियों की यह बौछार किसी और नहीं बल्कि अपने ही उपास्य को वह रसिकोपासक संत-साधक कर रहे थे जो प्रतिदिन उन्हें ही भजते और स्वयं के साथ लोक कल्याण की भी कामना करते हैं।
अवसर था कुंवर कलेवा का। श्रीसीताराम विवाह महोत्सव के अवसर पर अवध नगरी वर पक्ष का प्रतिनिधित्व करते हुए भी जनकपुरवासियों के ही रंग में रंगी नजर आई और दास परंपरा के अनुगामी संत भी सखी परंपरा में ही पगे दिखाई दिए।
विज्ञापन

यही कारण है कि मधुर उपासना के निर्धारित स्थानों के अतिरिक्त भी वैष्णव नगरी के अधिकांश मंदिरों में कुंवर कलेवा का आयोजन किया गया। वहीं, मानसकार गोस्वामी तुलसी दास की भावना के अनुरुप ही संत-महंत भी पुनि जेवनार भई बहु भांति, पठए जनक बोलाए बाराती... का अनुसरण करते हुए युगल सरकार को विविध व्यंजनों का रसास्वादन कराने में पीछे नहीं रहे।
मणिराम छावनी में पीठाधीश्वर एवं श्रीरामजन्मभूमि न्यास के अध्यक्ष महंत नृत्यगोपाल दास महाराज के सानिध्य व उनके उत्तराधिकारी महंत कमल नयन दास के निर्देशन में कुंवर कलेवा का पूरी भव्यता से आयोजन किया गया। इस अवसर पर मंदिर के आंगन में युगल सरकार के विग्रह की प्रतिष्ठा कर उनकी पूजा-अर्चना की गई और आचार्य प्रणीत पदों का गायन हुआ।
युगल सरकार को 56 प्रकार के व्यंजनों का भोग लगाया गया। इसी तरह से श्रीरामवल्लभाकुंज में भी महंत रामशंकर दास एवं अधिकारी राजकुमार दास के निर्देशन में भगवान के स्वरूपों की प्रतिष्ठा कर उन्हें विविध व्यंजनों का रसास्वादन कराया गया। इस दौरान मंदिर परंपरा के शास्त्रीय गायकों ने सखियों के रूप में अपने ही उपास्य को गारियों से नवाजते हुए रिझाया।
वहीं, विवाह उपासना की स्थली विअहुति भवन में महंत बैकुंठ शरण के सानिध्य में उत्सव मनाया गया। इसी तरह रामहर्षण कुंज व दिव्य कला कुंज सहित अन्य मंदिरों में भी कलेवा का आयोजन उल्लासपूर्वक किया गया।
रामकोट स्थित रंगमहल मंदिर में अगहन शुक्ल पंचमी पर भगवान राम सीता का विवाह विधिविधान पूर्वक संपन्न हुआ तो वहीं सोमवार की सुबह 4 बजे कुंवर कलेवा का भव्य आयोजन किया गया। भगवान के स्वरूपों को प्रतिष्ठित कर आचार्य प्रणीत पदों का गायन हुआ तो भक्त मंत्रमुग्ध हो उठे। इस मौके पर मंदिर के महंत रामशरण दास महाराज ने भगवान को विविध व्यंजन परोसा।
उत्सव में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह की पत्नी कमला देवी मुख्य यजमान रहीं। उनके इंजीनियर पुत्र अभिषेक सिंह व पुत्री डॉ. प्रियंका सिंह, प्रीति सिंह वधू पक्ष से उत्सव में शामिल हुए। जबकि वर पक्ष के यजमान इंजीनियर सुबोध रहे। इस दौरान महापौर ऋषिकेष उपाध्याय, महानगर अध्यक्ष अभिषेक मिश्र, डीएम अनुज झा सहित भक्तों ने भी युगल सरकार का पूजन किया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें