नंदीग्राम भरतकुंड पर शिवरात्रि पर्व पर भरत हनुमान मिलन मंदिर से निकली शोभायात्रा में शामिल भगवा
अयोध्या। महाशिवरात्रि पर शनिवार को अयोध्या में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। इसको लेकर शहर में डायवर्जन लागू किया गया था, साथ ही शहर के अंदर किसी तरह के वाहनों को प्रवेश नहीं दिया गया। सरयू स्नान घाट, नागेश्वरनाथ मंदिर पर एसपी सिटी मधबन सिंह, सीओ अयोध्या एसपी गौतम, अयोध्या कोतवाल मनोज कुमार शर्मा की निगरानी में श्रद्घालुओं ने भोले बाबा का अभिषेक किया। शाम को निकली शिव बरात में भी भारी संख्या में पुलिस व पीएसी के जवान तैनात रहे। एसएसपी मुनिराज ने श्रीरामजन्मभूमि समेत प्रमुख धार्मिक स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
महाशिवरात्रि के मद्देनजर उदया, टेढ़ी बाजार चौराहा, श्रीराम अस्पताल तिराहा, लता मंगेशकर चौराहा, नयाघाट, विद्याकुंड, साकेत पेट्रोल पंप, हनुमान गुफा, रामघाट चौराहे पर लगे बैरियर पर अतिरिक्त पुलिस व यातायातकर्मियों को तैनात किया गया था। सरयू स्नान घाटों समेत नदी क्षेत्र में जल पुलिस के साथ एनडीआरएफ, एसडीआरएफ के जवान गश्त करते रहे। स्नान कर रहे श्रद्धालुओं को सीटी बजाकर गहरे पानी में जाने से रोकते रहे। वहीं, एसएसपी ने स्नान घाट, राम की पैड़ी, हनुमानगढ़ी आदि का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं को परखा। इसके बाद वह श्रीरामजन्मभूमि परिसर भी गए, यहां तैनात सुरक्षाकर्मियों को हमेशा अलर्ट रहने को कहा।
शाम को नागेश्वरनाथ से क्षीरेश्वरनाथ तक निकली शिव बरात में एसपी सिटी, सीओ अयोध्या समेत भारी पुलिस बल व पीएसी के जवान मौजूद रहे। एसपी सिटी मधुबन सिंह ने बताया कि भोर से ही अयोध्या के विभिन्न स्थानों पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया था। नागेश्वरनाथ मंदिर पर भीड़ का दबाव बढ़ने पर दो बैरियरों पर श्रद्घालुओं को रोककर 50-50 के जत्थे में मंदिर में प्रवेश दिया गया।