बैंक से सवा लाख रुपये लेकर साइकिल से घर जा रहे भेलसर साधन सहकारी समिति के सचिव को बाइक सवार बदमाशों ने लूट लिया। सोमवार को दोपहर हुई इस वारदात से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
सूचना पर पहुंची रुदौली कोतवाली पुलिस ने बैंक जाकर कर्मियों से पूछताछ की। शाम तक रुदौली पुलिस के खाली हाथ होने पर एसएसपी ने घटना की जांच एसओजी को सौंप दिया। एसओजी ने छानबीन शुरू कर दी है।
सोमवार को दोपहर भेलसर साधन सहकारी समिति के सचिव जय नारायण सिंह ने बैंक ऑफ इंडिया की भेलसर शाखा से सवा लाख रुपये निकाले।
सचिव ने रुपये एक बैग में रखे और बैंक से बाहर निकलकर अपनी साइकिल से शंकरगढ़ स्थित घर की ओर चल दिए।
भेलसर गांव के पास तालाब के किनारे लखनऊ-फैजाबाद हाईवे पर पीछे से दो बाइक सवार दो बदमाशों ने उनकी साइकिल को टक्कर मार दी। सचिव रुपये से भरे बैग समेत साइकिल लेकर वही गिर पड़े।
बदमाशों ने उनके गिरते ही रुपयों से भरा बैग छीन लिया और भाग गए। सचिव ने इसकी सूचना पुलिस को दी। कुछ देर बाद पुलिस ने छानबीन शुरू की।
कोतवाल सज्जाद हुसैन नकवी ने बैंक कर्मियों से पूछताछ की लेकिन उनके हाथ कुछ नहीं लगा। सचिव ने बताया कि बैग में रुपयों के अलावा सरकारी कागजात थे। कोतवाल ने बताया बैंक मैनेजर से पूछताछ की गई।
बैंक का सीसीटीवी फुटेज भी देखा गया। सचिव ने रिपोर्ट दर्ज करा दी है। शाम तक लूट की इस वारदात में रुदौली पुलिस कुछ खास हासिल नहीं कर सकी।
एसएसपी मोहित गुप्ता ने घटना को गंभीरता से लिया है। घटना के खुलासे का टास्क एसओजी को टास्क सौंपा है। एसओजी टीम ने छानबीन शुरू कर दी है।