अयोध्या। शहर स्थित नवीन मंडी में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की 63वीं वाहिनी द्वारा शौर्य दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान जवानों की वीरता को याद करके उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कमांडेंट छोटेलाल ने बताया कि सीआरपीएफ के द्वितीय बटालियन के छह बहादुर जवानों की वीरता को याद करने के लिए प्रतिवर्ष आज ही के दिन शौर्य दिवस का आयोजन किया जाता है। अप्रैल 1965 में भारतीय सीमा चौकियों के विरुद्ध पाकिस्तान ने पश्चिम पाकिस्तान की सीमा से सटे कुछ भारतीय क्षेत्र पर अपना दावा स्थापित करने के लिए ऑपरेशन डेजर्ट हाक चलाया था।
उन्होंने बताया कि पश्चिम पाकिस्तान के अंतरराष्ट्रीय सीमा पर गुजरात में सरदार और टाक चौकियों का रख-रखाव द्वितीय बटालियन सीआरपीएफ की चार कंपनियां कर रही थीं। नौ अप्रैल को पाकिस्तान की सेना ने सीआरपीएफ की कंपनियों पर आक्रमण कर दिया। उसमें 34 पाकिस्तानी सैनिक मारे गये थे और चार को जिंदा गिरफ्तार किया गया था। इस लड़ाई में छह बहादुर जवान नायक किशोर सिंह, सिपाही शमशेर सिंह, ज्ञान सिंह, हुद्दूराम, सिदवीर प्रदान व किशन सिंह शहीद हो गये थे।
बताया कि तभी से नौ अप्रैल को शौर्य दिवस मनाया जाता है। वहीं, कमांडेंट छोटेलाल ने छत्तीसगढ़ में तीन अप्रैल, 2021 को शहीद हुए रानोपाली के शहीद राजकुमार यादव के घर जाकर उनके परिजनों से मुलाकात की और बच्चों का मार्गदर्शन भी किया।