हनुमानगढ़ी में दर्शन के बाद मौजूद प्रहलाद दामोदर दास मोदी।
- फोटो : FAIZABAD
अयोध्या। प्रधानमंत्री जनकल्याण योजना के प्रचार-प्रसार अभियान के तहत अयोध्या पहुंचे पीएम नरेंद्र मोदी के भाई प्रहलाद दामोदर दास मोदी ने रामलला व हनुमानगढ़ी के दरबार में हाजिरी लगाई। दर्शन-पूजन के बाद पत्रकारों से वार्ता करते हुए उन्होंने कहा कि जब पहले मैं यहां आया था तो राम जन्मभूमि विवाद चल रहा था। तब माहौल और था और आज का माहौल अलग है। इकबाल भाई हमारे साथ हैं, इसलिए आपको भी माहौल का पता लगता होगा। अयोध्या का माहौल बदल चुका है।
उन्होंने कहा कि अब हिंदुस्तान में हिंदू-मुसलमान का कोई झगड़ा है ही नहीं और रहेगा भी नहीं। मैं इतना ही कहता हूं कि मेरे मुसलमान भाइयों को कि अब आपके दिल में जो व्यथा थी वह संपूर्ण रूप से रामलला ने खत्म कर दी है।
अब हमें देश को एक मैसेज देना है। रावण ने हनुमान जी की पूछ में आग लगाई थी लेकिन हनुमान जी बुद्धि चातुर्य इंसान थे, उन्होंने पूरी लंका ही जलाकर राख कर दी। इस दौरान उनके साथ मौजूद इकबाल अंसारी ने कहा कि अयोध्या धर्म की नगरी है। यहां हमेशा लोग आते-जाते रहते हैं। एक दूसरे से प्रेम से मिलते-जुलते रहते हैं। यही अयोध्या की संस्कृति की पहचान है।