अयोध्या। विहिप के अन्तरराष्ट्रीय उपाध्यक्ष चंपतराय ने कारसेवकपुरम में कहा कि श्रीराम जन्मभूमि पर मंदिर निर्माण का मार्ग अब प्रशस्त हो चुका है, बाधाएं खत्म हो गई हैं और जल्द निर्माण शुरू होगा। मंदिर निर्माण के लिए सरकार द्वारा गठित ट्रस्ट की प्रतीक्षा की जा रही है।
विहिप उपाध्यक्ष ने कहा 1989 में जिस मॉडल को संतों ने पूजित कर स्वीकार किया और जिस का चित्र करोड़ों घरों मे पंहुच चुका है, उसमें परिवर्तन नहीं होने वाला। उन्होंने तीन मंजिल के मॉडल को खारिज करते हुए कहा कि यह सुझाव तीस वर्ष पूर्व देना था, अब तो 60 प्रतिशत कार्य हो चुका है।
चंपत राय ने कहा कि जो ढांचा 6 दिसंबर को समाप्त हुआ वह मंदिर का था और मंदिर के मलबे को मांगने वाले इस सत्य को अब स्वीकार कर लें। मंदिर निर्माण के साथ ही दर्शन करने आने वाले श्रद्धालुओं को हर प्रकार की सुविधा उपलब्ध हो इसके लिए सरकार और प्रशासन अपने दायित्व का निर्वहन कर रहा है। हम सभी चाहते हैं कि अयोध्या का सर्वांगीण विकास हो।
कांग्रेस महासचिव द्वारा भगवा पर दिये गये बयान पर कहा मक्खी के भिनभिनाने से वस्त्र नहीं उतारते हैं बल्कि उसे भगाते हैं। भगवा हमारे देश की पहचान है। यह हमारी प्राचीन ऐतिहासिक परंपराओं की धरोहर है।