अयोध्या। भगवान श्रीराम की जन्मभूमि पर मंदिर निर्माण के लिए भूमि पूजन में अब चंद दिन शेष रह गए हैं। भूमि पूजन का मुहूर्त नजदीक आने के साथ ही लोगों में उत्साह बढ़ता जा रहा है। इस खास मौके पर पटना जंक्शन स्थित महावीर मंदिर ने विशेष योजना बनाई है। पांच अगस्त को होने वाले भूमि पूजन के दौरान महावीर मंदिर ट्रस्ट की ओर से अयोध्या में श्रद्धालुओं के बीच सवा लाख लड्डू बांटने की योजना है।
महावीर मंदिर न्यास समिति के सचिव आचार्य किशोर कुणाल ने बताया कि सवा लाख लड्डू बनाने को लेकर बंगलूरू से गाय के दूध से तैयार शुद्ध घी, ऑस्ट्रेलिया की कंपनी राजा बैंड का बेसन, कश्मीर के पुलवामा से केसर, केरल से इलायची, काजू और किशमिश मंगाया गया है। उत्तरप्रदेश से चीनी और बिहार से लड्डू रखने के लिए डिब्बे अयोध्या भेजे गए हैं।
अयोध्या में रघुपति लड्डू के नाम से प्रसाद तैयार कर बांटा जाएगा। तिरुपति के कुशल कारीगर लड्डू बनाने में जुट गए हैं। यही कारीगर पटना के महावीर मंदिर के लिए नैवेद्यम नाम से लड्डू बनाते रहे हैं। अयोध्या में लड्डू बनाने के लिए शेषाद्री की अगुवाई में 20 कारीगरों को अयोध्या भेजा गया है। कारीगर अपने साथ सामान और सामग्री ले गए हैं। भूमि पूजन के अवसर पर 51 हजार लड्डू तैयार कर रामजन्म भूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को सौंपा जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर और अधिक लड्डू बनाया जाएगा।