रामलला के लिए चांदी के ईंट सौंपते लखनऊ के रामभक्त।
- फोटो : FAIZABAD
अयोध्या। राममंदिर निर्माण के लिए दान का सिलसिला तेज हो गया है। मंगलवार को अयोध्या पहुंचे लखनऊ के रामभक्तों ने राममंदिर निर्माण के लिए पौने 34 किलो चांदी की ईंद दान में दी। यह ईट राम मंदिर की नींव में रखने के लिए दान की गई है।
लखनऊ इंडिया बुलियन ज्वैलर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने रामनगरी पहुंचकर रामजन्मभूमि परिसर के समीप स्थित ट्रस्ट के कार्यालय पर चांदी की ईंट दान की। ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्र को एसोसिएशन के अध्यक्ष अनुराग रस्तोगी ने ईंट सौंपी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के छोटे बड़े ज्वैलर्स के सहयोग के अंश स्वरूप यह चांदी की ईंट राम मंदिर ट्रस्ट को भेंट की गई है। हमारी इच्छा है कि इस ईंट का प्रयोग राम मंदिर की नींव में किया जाए। इससे पूर्व राम कचहरी मंदिर में महंत शशिकांत दास की अगुवाई में चांदी की ईंट का पूजन किया गया।
उसके बाद ट्रस्ट के सदस्यों को ईंट भेंट की गई। इसके अलावा 200 ग्राम पंच धातु, नाग नागिन का जोड़ा व नवरत्नों को भी भेंट किया गया। इस दौरान राम मंदिर ट्रस्ट के सदस्य डॉ. अनिल मिश्रा, विहिप के केंद्रीय मंत्री राजेंद्र सिंह पंकज, उत्तराखंड युवा साधु समाज के अध्यक्ष हरेंद्र मुनि सहित अन्य मौजूद रहे।
रामा दल ने ट्रस्ट को दिया 21 हजार का दान
अयोध्या। रामा दल ट्रस्ट ने भी राम मंदिर निर्माण के लिए 21 हजार का दान दिया है मंगलवार को श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट कार्यालय पहुंचकर रामा दल के अध्यक्ष पंडित कल्कि राम ने ट्रस्ट के सदस्य डॉ. अनिल मिश्र को 21 हजार का चेक सौंपा। बताया कि राम जन्म भूमि पर बनने वाले भव्य मंदिर के गर्भ गृह की चौखट को स्वर्ण पत्र से अलंकृत करने का संकल्प पत्र सौंपते हुए गर्भ गृह के चौखट की लंबाई चौड़ाई का माप मांगा गया है। भूमि पूजन की तैयारी को लेकर भी ट्रस्टी श्री मिश्र जी को बताया गया है कि 5 अगस्त के लिए श्री राम लला को पहनायी जाने वाली विशिष्ट पोशाक का दो सेट तैयार कराया जा रहा है। इस अवसर रामादल ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष मनोज कुमार गुप्ता भी मौजूद थे।