अयोध्या। राममंदिर निर्माण कार्य शुरू करने को लेकर संतों की व्याकुलता बढ़ती जा रही है। कोरोना संकट के चलते भूमि पूजन में देरी होने के कारण राममंदिर निर्माण का कार्य शुरू नहीं हो पा रहा है।
रविवार को जब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या पहुंचे और श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्यगोपाल दास से भेंट की तो ट्रस्ट अध्यक्ष ने उनसे राममंदिर निर्माण के कार्यों में तेजी लाने की बात कही, जिस पर मुख्यमंत्री ने भी उन्हें आश्वस्त करते हुए कहा कि सब ठीक होगा, जल्दी होगा।
महंत नृत्यगोपाल दास के उत्तराधिकारी महंत कमलनयन दास ने बताया कि एक-दो दिन के भीतर महाराज श्री द्वारा पीएम मोदी को पत्र लिखकर जल्द भूमि पूजन की तारीख देने की मांग की जाएगी। संत समाज व हिंदू समाज अब शीघ्र दिव्य-भव्य राममंदिर का निर्माण चाहता है।