अयोध्या। राममंदिर निर्माण के लिए वर्षों से मुहिम चला रहे बब्लू खान ने गुरुवार को मशहूर सूफी संत वारिस अली की दरगाह देवा शरीफ पहुंचकर उन्हें चादर चढ़ाई और शीघ्र राममंदिर निर्माण शुरू हो इसके लिए दुआ मांगी। साथ ही साथ उन्होंने वारिस सरकार से वैश्विक महामारी कोरोना के शीघ्र शमन के लिए भी याचना की।
उन्होंने वारिस सरकार से दुआ मांगी कि जिस तरह राममंदिर के हक में फैसला आया है उसी तरह शीघ्र ही दिव्य-भव्य राममंदिर निर्माण का कार्य भी शुरू हो। सुप्रीम फैसला आने से पूर्व बबलू खान वारिस के दर पर जाकर मंदिर निर्माण की प्रार्थना करते रहे हैं। बब्लू ने कहा, हिंदुस्तान की साझी विरासत और भाईचारा बुलंद करने वाले वारिस सरकार ने उनकी दुआ कुबूल की, यह बहुत प्रेरक है।
उन्होंने बताया कि जल्दी ही वे राममंदिर समर्थक मुस्लिम सहयोगियों के साथ रामलला का दर्शन करेंगे। उन्होंने कहा कि राममंदिर के समर्थक मुस्लिम टेंट से आजाद होकर अस्थाई गर्भगृह में विराजमान रामलला का दर्शन करने को लेकर उत्सुक हैं। लॉकडाउन के चलते वे दर्शन नहीं कर पाए। बताया कि शीघ्र ही सभी मुस्लिमों के साथ वह रामलला के दरबार में हाजिरी लगाएंगें।