रामलीला के मंचन को लेकर सजा भव्य स्टेज।
- फोटो : FAIZABAD
अयोध्या। सरयू तट किनारे लक्ष्मण किला मैदान पर शनिवार से शुरू हो रही फिल्मी कलाकारों से सजी रामलीला बेहद अद्भुत और भव्य होगी। हवा में उड़ते हनुमान जी और देखते ही देखते अदृश्य हो जाने वाले राक्षस खास आकर्षण का केंद्र होंगे। वैसे तो राम की नगरी अयोध्या में रामलीला की परंपरा सैकड़ों वर्ष पुरानी है, लेकिन यह पहला अवसर है जब बड़ी संख्या में फिल्मी सितारे रामलीला करने आ रहे हैं।
अयोध्या के लक्ष्मण किला में शनिवार शाम 7 बजे से शुरू होने जा रही फिल्मी सितारों की रामलीला बेहद हाईटेक और डिजिटल होगी। भले ही दर्शक दीर्घा में राम भक्त रामायण के संवादों पर ‘जय श्रीराम’ का उद्घोष नहीं कर सकेंगे, लेकिन अयोध्या की इस रामलीला का प्रचार-प्रसार डिजिटल माध्यमों से पूरी दुनिया में होगा। इसके लिए देश के कोने-कोने से कलाकार अयोध्या पहुंच चुके हैं। रामलीला की प्रस्तुति में स्पेशल इफेक्ट का इस्तेमाल किया जाएगा जो कि आकर्षण का केंद्र होगा।
6 माह से चल रही थी तैयारी
रामलीला आयोजन समिति के अध्यक्ष सुभाष मलिक ने बताया कि रामलीला के मंचन के लिए बीते 6 महीने से तैयारियां की गईं थीं। देश के नामचीन कलाकारों की लिस्ट बनाई गई थी, जिन्हें रामलीला में महत्वपूर्ण किरदार निभाने हैं। कोरोना संक्रमण के कारण रामलीला देखने के लिए दर्शकों को आने की अनुमति नहीं है, लेकिन हमारा प्रयास होगा कि टेलीविजन और सोशल मीडिया के माध्यम से हर घर तक अयोध्या की अद्भुत रामलीला पहुंच सके। इसके लिए प्रदेश सरकार ने सहयोग किया है। रामलीला के मंचन को लेकर कलाकारों में बेहद उत्साह हैं। मलिक ने बताया कि, रामलीला का सेट तैयार है। हमारा प्रयास है कि ऐसी रामलीला हो, जिसे पहले कभी भारत के लोगों ने न देखी हो।
रामलीला मंचन में होगा खास तकनीक का इस्तेमाल
वहीं दक्षिण भारत से आए स्टंट सीन के माहिर स्टंट डायरेक्टर ने बताया कि इस रामलीला में हवा में उड़ते हुए हनुमान जी का सीन पहले कभी लोगों ने नहीं देखा होगा। यह बेहद खास होगा। इसके अलावा रामलीला के कई ऐसे किरदार हैं जो अदृश्य हो जाते हैं, उन्हें प्रदर्शित करने के लिए खास तकनीक का प्रयोग होगा। यह दर्शकों को रोमांचित करेगा।