कुलाधिपति ने गुरुवार को लखनऊ विश्वविद्यालय के लोक प्रशासन विभाग के प्रोफेसर एवं अध्यक्ष डा. मनोज दीक्षित डा. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय का 16वां कुलपति नियुक्त किया। उक्त आशय का पत्र कुलाधिपति एवं राज्यपाल उत्तर प्रदेश की प्रमुख सचिव जूथिका पाटणकर ने निर्गत किया।
विवि के 16वें कुलपति के रुप में नियुक्त प्रो. मनोज दीक्षित लगभग 28 वर्षों से लखनऊ विवि के लोक प्रशासन विभाग में शिक्षक हैं। लखनऊ विवि के ही छात्र रहे प्रो. दीक्षित ने मास्टर ऑफ पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन की डिग्री स्वर्ण पदक के साथ 1986 में प्राप्त की थी तथा 1994 में लखनऊ विवि से ही टूरिज्म मैनेजमेंट में शोध उपाधि प्राप्त की।
वर्ष 2011 से 2014 तक चीन के सिचुआन में स्थित यूनिवर्सिटी आफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी चाइना में आचार्य के रुप में कार्यरत प्रो. दीक्षित अपने 28 वर्षों के शैक्षणिक कार्यकाल में 10 पुस्तकें एवं 21 शोध पत्र प्रकाशित करने के साथ-साथ डेढ़ दर्जन से अधिक राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर की संगोष्ठियां कर चुके हैं।
शैक्षणिक क्रियाकलापों के लिए चीन, थाइलैंड, शारजाह, अदिस-अबाबा, श्रीलंका तथा इंडोनेशिया की शैक्षणिक यात्रा कर चुके प्रो. दीक्षित के निर्देशन में विभिन्न संस्थाओं द्वारा प्रायोजित लगभग एक दर्जन शोध परियोजनाओं के अंतर्गत 40 शोधार्थियों ने अपनी पीएचडी डिग्री प्राप्त की है।
सात दर्जन से अधिक राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर की संगोष्ठियों में प्रतिभाग कर चुके प्रो दीक्षित वर्ष 2005-06 में अदिस-अबाबा विश्वविद्यालय इथयोपिया में लोक प्रशासन एवं लोक प्रबंध विभाग में उपाचार्य के पद पर भी कार्य कर चुके हैं।
प्रो. दीक्षित की नियुक्ति पर निवर्तमान कुलपति प्रो. जीसीआर जायसवाल सहित परिसर के शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने बधाई प्रेषित की है।