रेलवे स्टेशन पर सियालदह एक्सप्रेस की चेकिंग में जनरल कोच में झोले में रखा दोमुंहा सांप मिलने से डिब्बे में सवार यात्रियों में दहशत फैल गयी। खोजबीन के बाद भी झोले और सांप का मालिक सामने नहीं आया।
इस पर जीआरपी ने वन विभाग को सूचना देकर बुला लिया और सांप उसके हवाले कर दिया। बता दें इससे पूर्व डेढ़ साल पहले आजमगढ़ से चली कैफियात एक्सप्रेस की चेकिंग में सामान रखने की ऊपरी सीट से विषधर मिला था। इसे डंडे से गिराकर मारा गया था।
जीआरपी के प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार वर्मा ने बताया कि सुबह 8:30 बजे के करीब अप 13151 सियालदह एक्सप्रेस आई थी। वह साथियों के साथ ट्रेन की रूटीन चेकिंग कर रहे थे। जनरल कोच में सामानों की जांच के दौरान एक झोले से दोमुंहा सांप निकला।
इसे देख यात्री दहशत में आ गये। उन्हें समझाकर शांत कराया गया। झोले के मालिक को कोच, प्रसाधन में खोजा गया। पूछताछ में कोई सामने नहीं आया। सूचना पर वन विभाग के रक्षक पन्नालाल थाने पर पहुंचे। सांप को उनके हवाले कर दिया गया।