अयोध्या। शहर के विद्युत उपकेंद्र देवकाली में अचानक हाई वोल्टेज से दो दर्जन से अधिक घरों में लाखों के बिजली उपकरण फुंक गए। इससे विद्युत उपभोक्ताओं में रोष है। वहीं दूसरी ओर पावर कॉरपोरेशन के अधिकारियों का कहना है बारिश के चलते फॉल्ट आई।
शनिवार की सुबह अचानक देवकाली उपकेंद्र के देवकाली, अंजनीपुरम, सुल्तानपुर, रमना सहित कई इलाकों में बिजली के तारों में हाई वोल्टेज प्रवाहित होने लगा। इसमें कई घरों के बोर्ड से लेकर फ्रिज, कूलर, टीवी, पंखे, मोटर, स्टेपलाइजर समेत अन्य बिजली के उपकरण फुंक उठे।
जब तक तक लोगों को जानकारी होती उपभोक्ताओं का काफी नुकसान हो गया। जब मामले की जानकारी विद्युत उपकेंद्र को हुई तो फाल्ट ढूंढे जाने का सिलसिला शुरू हुआ। काफी देर की जद्दोजहद के बाद पता चला कि फाल्ट उपकेंद्र से ही बारिश के चलते हुआ है।
पावर कॉरपोरेशन को इसे ठीक करने में काफी समय लग गया। 11 बजे के बाद हाईवोल्टेज की समस्या समाप्त हो पाई लेकिन बिजली की आंख मचौली जारी रही। शाम छह बजे के बाद विद्युत व्यवस्था ढर्रे पर लौट पाई।
देवकाली इलाके के विनय, विक्की सिंह, आर के उपाध्याय, चंदन सहित अन्य विद्युत उपभोक्ताओं ने बताया है कि हाई वोल्टेज से लाखों का नुकसान हुआ है। अधिशासी अभियंता मनोज गुप्ता ने बताया कि बारिश के चलते फाल्ट आई थी, जिसे जानकारी के बाद सही काराया गया है।
घरों में समय से नहीं आ रहे बिल
देवकाली इलाके में समय से बिजली का बिल न पहुंचने की शिकायत है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि विभाग की ओर से बिल नहीं आता है। कई महीने विभाग का चक्कर लगाने के बाद जब बिल मिलता है तो उसमें 100 से दो सौ रुपये सरचार्ज जुड़ा होता है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि कई बार बिल न आने कारण बिजली भी कट जाती है और यह बाद में पता चलता है कि बिल 10 हजार से अधिक हो गया।