मसौधा। पूराकलंदर थाना क्षेत्र के रानी बाजार के पश्चिमी इलाके के एक गांव के पास बुधवार शाम ट्यूशन पढ़कर घर जा रही छात्रा को बाइक सवारों ने अगवा कर लिया। पीड़िता के परिवारीजनों की तहरीर पर अज्ञात बाइक सवारों के विरुद्ध अपहरण समेत पाक्सो एक्ट व मारपीट धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
पूरा कलंदर थाना क्षेत्र के रानी बाजार के एक गांव निवासी हाईस्कूल की छात्रा ट्यूशन पढ़ने आई थी। बुधवार शाम करीब साढ़े पांच बजे वह घर लौट रही थी। तभी गांव के निकट सुनसान इलाके के खड़ंजा मार्ग पर घात लगाए बैठे बाइक सवारों ने उसे जबरन बाइक पर बैठा लिया और भाग निकले।
देर शाम तक जब किशोरी घर नहीं पहुंची तो परिवारीजनों ने खोजबीन शुरू की। बाजार के निकट पहुंचते ही पता चला कि बाइक पर भागते हुए एक किशोरी की रोने आवाज सुनी गई है। किशोरी के परिवारीजनों ने पूरा कलंदर थाना पहुंचकर घटना की तहरीर दी है।
देर शाम पुलिस ने किशोरी के पिता की तहरीर पर अज्ञात बाइक सवारों के विरुद्ध पास्को एक्ट समेत कई धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है। वरिष्ठ उपनिरीक्षक दिनेश पांडे ने बताया किशोरी के पिता की तहरीर पर घटना की रिपोर्ट दर्ज की गई है। टीम बनाकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।