अयोध्या ठंड व गलन से बचने के लिए अलाव तापते लोग।
- फोटो : FAIZABAD
अयोध्या। ठंड ने नए साल पर पिछले छह साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। मौसम विभाग ने गुरुवार रात हल्की वर्षा होने की संभावना जताई है। नए वर्ष की सुबह सूर्यदेवता के दर्शन हुए लेकिन कुछ ही देर बाद बादलों से उनकी लुकाछिपी चलती रही।
इसके चलते अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई जबकि न्यूनतम तापमान 2.4 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से करीब 4.7 डिग्री कम था। सर्द हवा व गलन ने लोगों को खूब परेशान किया। मगर उत्साह और जज्बे के आगे ठंड को घुटने टेकना पड़ा।
पिछले कुछ दिनों से शुरू हुई भीषण शीतलहर का प्रकोप बुधवार को भी जारी रहा। हालांकि कई दिनों बाद सुबह सूर्य के दर्शन हु़ए लेकिन बाद में बादलों के बीच वो गायब हो गए। शाम होते-होते ठंड का प्रकोप फिर जारी हो गया। अगर आंकड़ों पर गौर करें तो इस वर्ष नए साल के पहले दिन ठंड ने पिछले छह वर्षों का रिकार्ड तोड़ा है। बुधवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 2.3 डिग्री सेल्सियस कम 18 डिग्री तो न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.7 डिग्री कम 2.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
एनडी यूनिवर्सिटी के मौसम वैज्ञानिक डॉ. अमरनाथ मिश्र के अनुसार 24 घंटों में आसमान में बादल छाए रहेंगे। गुरुवार रात हल्की बारिश भी हो सकती है। उन्होंने फिलहाल ठंड से राहत न मिलने के आसार जताया है।