अयोध्या। नवंबर में अयोध्या विवाद पर आने वाले संभावित फैसले को लेकर पुलिस प्रशासन सीसीटीवी व ड्रोन कैमरे से निगहबानी करेगी। इसके लिए पूर्व में ही करीब 50 स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे स्थायी व अस्थाई रूप से लगाए जा चुके हैं, इसके अलावा ड्रोन कैमरे की सहायता से भी निगाह रखने की तैयारी की जा रही है।
वर्तमान में जिला प्रशासन के पास दो ड्रोन कैमरे उपलब्ध है, इनमें से एक किराए पर निजी एजेंसी से लिया गया है। इसके अलावा शासन से पांच और ड्रोन कैमरे मांगे गए हैं। उपलब्ध कैमरों का परिक्रमा मेले में इस्तेमाल किया जा रहा है।
एसपी सिटी विजयपाल सिंह ने बताया कि उपलब्ध दो ड्रोन में से एक-एक सीओ अयोध्या व सीओ सिटी को उपलब्ध कराया गया है। इसका प्रयोग करने के लिए पुलिस की दो टीम को प्रशिक्षित किया गया है।
बताया कि जल्द ही शासन द्वारा अन्य ड्रोन उपलब्ध करा दिया जाएगा। इसकी सहायता से भीड़ व अराजकतत्वों की निगरानी की जाएगी। बताया कि अयोध्या में सुरक्षा की दृष्टि से पहले ही करीब 50 स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, कुछ अन्य स्थानों को चिह्नित किया गया है, जल्द यहां भी सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे।