अयोध्या। गांधी संकल्प यात्रा के दौरान सांसद लल्लू सिंह के साथ एक परिवार व बड़ी संख्या में समर्थकों की मौजूदगी में खींची गई एक फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई, जिस पर कुछ लोगों ने अभद्र टिप्पणी की। इसको लेकर सांसद लल्लू सिंह के साथ मौजूद किशोरी की बड़ी बहन ने थाना कैंट में तहरीर दी है।
भाजपा मीडिया प्रभारी दिवाकर सिंह व जिला उपाध्यक्ष मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि गांधी संकल्प यात्रा के दौरान बालिका ने सांसद लल्लू सिंह के साथ सेल्फी ली थी।
इस दौरान उसके परिवार के अन्य सदस्य तथा बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद थे। इस दौरान कई अन्य लोगों ने भी फोटो खींची थी।
सामान्य सी दिखने वाली इस फोटो को किसी असामाजिक तत्व ने दूसरे नजरिए से प्रस्तुत किया। इस संदर्भ में एसएचओ कैंट ने बताया कि तहरीर मिल गई है, मामले में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।