अयोध्या। हड़ताल खत्म होने के कई घंटे बाद भी शहर के विभिन्न इलाकों में बिजली-पानी की किल्लत रही। तीन दिन से तरस रहे लोगों का सब्र अचानक खत्म हो गया और उन्होंने रात करीब साढ़े नौ बजे रोड जाम कर दिया। खिड़की अली बेग तिराहे पर जाम लगाकर लोगों ने खूब नारेबाजी की। लाइट आने के बाद ही प्रदर्शनकारी अपने घरों को लौटे।
शहर के कुछ इलाकों में तो शनिवार को ही बिजली आपूर्ति बहाल हो गई थी लेकिन खिड़की अली बेग तिराहे में पिछले तीन दिन से बिजली नहीं थी। जिसकी वजह से लोगों के घरों में पानी भी नहीं आ रहा था। बच्चों की परीक्षाएं भी प्रभावित हुईं।
ऐसे में जब हड़ताल खत्म होने की सूचना मिली तो लोग खुश हुए लेकिन रात तक इंतजार करने के बाद उनका धैर्य टूट गया। बिजली आपूर्ति न होने पर लोग सड़क पर उतर आए।
प्रदर्शन कर रहे राजेश ने कहा कि घरों में पीने का पानी तक नहीं है। बच्चे पढ़ाई नहीं कर पा रहे हैं। इरफान ने कहा कि जब सारे शहर की बिजली बहाल हो गई है तो इस इलाके के कर्मचारी क्यों लापरवाही कर रहे हैं? ये जनता का दर्द नहीं समझ रहे।
हंगामे की सूचना पर रिकाबगंज चौकी इंचार्ज रामसिंह मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाया। इसके बाद भी लोग नहीं माने। लोगों के आक्रोश की सूचना जब बिजली विभाग के अफसरों तक पहुंची तो किसी तरह इलाके की आपूर्ति बहाल कराई गई। करीब दस बजे लाइट आने पर लोग अपने-अपने घरों को वापस हुए।