प्रशिक्षण उत्तीर्ण किए 123 रिक्रूट देश रक्षा की शपथ लेकर सेना के जवान बन गए। इस अवसर पर यहां गजब का उत्साह देखने को मिला।
रिक्रूटों 34 सप्ताह का प्रशिक्षण पूरा होने के बाद शनिवार को डोगरा रेजीमेंटल सेंटर में पासिंग आउट परेड व शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके रिक्रूटों का जमावड़ा हुआ।
सेना मेडल से सम्मानित कर्नल करण सिंह ने परेड का निरीक्षण किया और पास आउट हुए जवानों को दायित्वों के निर्वहन के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया।
इस अवसर पर विभिन्न ट्रेड में सर्वश्रेष्ठ रिक्रूट को भी मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया। नरिंदर कुमार को सर्वश्रेष्ठ रिक्रूट चुना गया।
इसके अलावा ट्रेनिंग के दौरान फायरिंग में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन पर सन्नी कुमार, खेलकूद में अनिल कुमार, ड्रिल में रवि कुमार, रक्षा ज्ञान में कमल किशोर और शारीरिक क्षमता में राजेश कुमार को मेडल प्रदान किया गया।
आयोजन में आर्मी बैंड की ओर से धुन बजाई गई। आयोजन के दौरान पूरा माहौल देश प्रेम के वातावरण से गूंज रहा था। बैंड की धुन पर जो जहा था उसमें वहीं उत्साह का संचार हो गया।